दुर्ग,29 सितंबर 2026
भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से जुड़े स्क्रैप चोरी मामले में अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) जांच करेगी। विधायक रिकेश सेन की शिकायत और मामले की केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की मांग के बाद गृह मंत्रालय की ओर से राजपत्र अधिसूचना जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है। यह मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में दर्ज है।
26 मई को हुई थी बड़ी कार्रवाई
दरअसल, 26 मई को दुर्ग पुलिस ने हथखोज के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ए.के. ट्रेडर्स नाम की फैक्ट्री में छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 3 करोड़ 20 लाख रुपये कीमत के वाहन और लगभग 90 लाख रुपये कीमत का 250 टन स्क्रैप बरामद किया था।
मामले में अब तक 19 गिरफ्तार
स्क्रैप चोरी के मामले में दुर्ग पुलिस अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें संजय सिंह समेत 5 आरोपियों को जमानत मिल चुकी है, जबकि 3 कारोबारियों ने अग्रिम जमानत ली है।
विधायक कर रहे थे CBI जांच की मांग
मामले को लेकर विधायक रिकेश सेन लगातार केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की मांग कर रहे थे। अब गृह मंत्रालय की ओर से जारी राजपत्र अधिसूचना के बाद मामले की जांच CBI द्वारा किए जाने का रास्ता साफ हो गया है।
अब CBI मामले से जुड़े तथ्यों, बरामद स्क्रैप और अन्य पहलुओं की जांच करेगी। आगे की कार्रवाई जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर होगी।


