रायपुर,3 अक्टूबर 2026

रायपुर के तेलीबांधा तालाब स्थित स्प्री वॉक परिसर में जिला प्रशासन की ओर से शुरू किया गया ‘अक्षरा’ रीडिंग जोन युवाओं और पुस्तक प्रेमियों के लिए नया आकर्षण बन गया है। 19 सितंबर से शुरू इस निश्शुल्क लाइब्रेरी में सुबह 10 बजे से रात 11 बजे तक बैठकर किताबें पढ़ने की सुविधा उपलब्ध है।

‘अक्षरा’ में प्रवेश के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाता। पाठकों को केवल रजिस्टर में एंट्री करनी होती है और अपनी पसंद की किताब लेकर पढ़ना शुरू कर सकते हैं। फिलहाल यहां 3000 से अधिक किताबें उपलब्ध हैं।

जानकारी के अनुसार, रोजाना करीब 150 पाठक ‘अक्षरा’ पहुंच रहे हैं। इनमें स्कूली विद्यार्थी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा, नौकरीपेशा लोग और बुजुर्ग शामिल हैं। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा, सामान्य अध्ययन और साहित्य से जुड़ी किताबें उपलब्ध हैं।

यूपीएससी की तैयारी कर रहे अभिषेक ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया पर रील स्क्रॉल करते समय ‘अक्षरा’ के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद वे यहां पहुंचे। उनके मुताबिक, शांत वातावरण में पढ़ाई करने की सुविधा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में काफी उपयोगी है।

कई पाठकों के लिए यह स्थान केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है। यहां कविता, कहानी और उपन्यास पढ़ने वाले लोग भी पहुंच रहे हैं। पाठकों का कहना है कि महंगी किताबें खरीदना हमेशा संभव नहीं होता, ऐसे में निश्शुल्क लाइब्रेरी में पसंद की किताबें पढ़ने का अवसर मिल रहा है।

अक्षरा जोन के प्रमुख केदार पटेल के अनुसार, वर्तमान में यहां 3000 से ज्यादा किताबें हैं और रोजाना करीब 150 लोग पढ़ने पहुंच रहे हैं। भविष्य में पाठकों के फीडबैक के आधार पर उनकी पसंद की और किताबें उपलब्ध कराने की योजना है।

तेलीबांधा तालाब के आसपास पहले से मौजूद वॉकिंग, योग और मनोरंजन की गतिविधियों के बीच अब किताबों और अध्ययन का माहौल भी जुड़ गया है। जिला प्रशासन की इस पहल से युवाओं और पुस्तक प्रेमियों को सार्वजनिक स्थान पर मुफ्त और शांत पढ़ने की सुविधा मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts