रायपुर,3 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ के 2014 बैच के IFS अधिकारी पंकज सिंह राजपूत और उनकी पत्नी अदिति सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब सार्वजनिक हो गया है। अदिति सिंह ने एक वीडियो जारी कर पति, सास, ससुर और ननद पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।

अदिति ने पति पर अपमानजनक और अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके नाबालिग बेटे के साथ भी ऐसा व्यवहार किया जाता है। इसके अलावा उन्होंने सामाजिक और आर्थिक प्रताड़ना के आरोप भी लगाए।

अदिति के मुताबिक, 2020 में कोर्ट से नोटिस मिलने के बाद बेटे के लिए हर महीने 8 हजार रुपये दिए जाने लगे। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में एक अदालत ने पंकज राजपूत की ओर से उनकी मां निर्मला देवी के खिलाफ दायर मामला खारिज किया है।

वहीं, पंकज राजपूत ने मीडिया से बातचीत में पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत और पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि यह मामला पांच साल से कोर्ट में चल रहा है और ऐसी स्थिति में इसे सार्वजनिक मंच पर लाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि वह बच्चे के अभिभावक के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

स्टाफ के व्यवहार को लेकर भी शिकायत

पंकज राजपूत के स्टाफ के साथ व्यवहार को लेकर भी शिकायतें सामने आने की बात कही गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, महासमुंद में उनकी पोस्टिंग के दौरान स्टाफ की ओर से उन्हें हटाने के लिए आला अधिकारियों को पत्र लिखे जाने की बात सामने आई थी।

फिलहाल पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले न्यायालय में विचाराधीन बताए जा रहे हैं। दोनों पक्षों की ओर से सामने आए दावों पर अंतिम स्थिति न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts