रायखेड़ा अदानी पावर प्लांट में बलवा: मजदूरों में झड़प, पथराव से TI घायल, सरपंच की गाड़ी में तोड़फोड़
रायपुर,5 अक्टूबर 2026
रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र के रायखेड़ा स्थित अदानी पावर प्लांट में मजदूरों के बीच विवाद के बाद जमकर बलवा और पथराव हुआ। विवाद के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस पर भी हमला किया गया, जिसमें खरोरा थाना प्रभारी (TI) घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, प्लांट के अंदर शराब बेचने को लेकर मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने पर बिहार और छत्तीसगढ़ के मजदूरों के बीच झड़प हो गई और पथराव की स्थिति बन गई। इसी दौरान रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा भी मौके पर पहुंचे, जहां पथराव में उनकी गाड़ी के कांच टूट गए।
मामले की सूचना मिलते ही खरोरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस पर भी पथराव हुआ, जिसमें थाना प्रभारी को चोट आई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे।
CSP विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि रायखेड़ा स्थित अदानी पावर प्लांट में मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच शराब बेचने के नाम पर विवाद की जानकारी मिली थी। विवाद के दौरान मजदूरों द्वारा पथराव किया गया, जिससे सरपंच के वाहन के कांच टूट गए। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


