रायपुर,6 अक्टूबर 2026
पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने की मांग को लेकर बिजली कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों ने राजधानी रायपुर में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। विद्युत अधिकारी-कर्मचारी पुरानी पेंशन अधिकार मंच के नेतृत्व में 12 संगठनों की महारैली और आमसभा आयोजित की गई, जिसमें प्रदेशभर से हजारों अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
महारैली के दौरान कर्मचारियों ने सरकार और पावर कंपनी प्रबंधन से स्पष्ट कहा कि अब उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि पुरानी पेंशन लागू करने का अंतिम लिखित आदेश चाहिए।
2023 में सहमति, तीन साल से आदेश लंबित
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्ष 2023 में पुरानी पेंशन योजना को लेकर सहमति बनी थी, लेकिन करीब तीन साल बीतने के बाद भी इसका आदेश जारी नहीं हुआ है। कर्मचारियों ने मांग पूरी करने के लिए सरकार और प्रबंधन पर दबाव बनाया।
गूंजे ‘आश्वासन नहीं, अब आदेश चाहिए’ के नारे
महारैली में कर्मचारियों ने ‘पुरानी पेंशन हमारा अधिकार है- लेकर रहेंगे’ और ‘आश्वासन नहीं, अब आदेश चाहिए’ जैसे नारे लगाए। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि विद्युत कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में दिन-रात अपनी सेवाएं देते हैं। ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद सामाजिक सुरक्षा और पेंशन उनका अधिकार है।
18 नवंबर को सामूहिक अवकाश की चेतावनी
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर 18 नवंबर तक पुरानी पेंशन योजना लागू करने का लिखित आदेश जारी नहीं किया गया, तो वे सामूहिक अवकाश लेकर आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे। कर्मचारियों ने सरकार और बिजली कंपनी प्रबंधन से जल्द निर्णय लेने की मांग की है।


