रायपुर, 7 अक्टूबर 2026

राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार मेले के पहले दिन युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मेले में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे 5,018 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया। वहीं 85 निजी संस्थानों की प्रारंभिक चयन प्रक्रिया में दो हजार से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस रोजगार मेले में बड़ी संख्या में नौकरी की तलाश कर रहे युवा शामिल हुए। रोजगार प्रदाता संस्थानों और युवाओं को एक ही मंच पर लाकर सीधे चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर दिया गया।

कौशल और योग्यता के आधार पर चयन

विभिन्न निजी संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों ने उपलब्ध रिक्त पदों के लिए अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल और अनुभव के आधार पर प्रारंभिक चयन प्रक्रिया पूरी की। युवाओं ने अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप साक्षात्कार एवं अन्य चयन प्रक्रियाओं में हिस्सा लिया।

रोजगार मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र के संस्थानों और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास किया गया है। इससे युवाओं को सीधे कंपनियों की चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिला।

8 अक्टूबर को चयनित युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित सभी मंत्रीगण की गरिमामयी उपस्थिति में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

नियुक्ति पत्र मिलने के साथ ही चयनित युवाओं के लिए रोजगार की नई राह खुलेगी। राज्य स्तरीय रोजगार मेले में पहले ही दिन 5,018 युवाओं का पंजीयन और दो हजार से अधिक अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन प्रदेश में रोजगार के अवसरों को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts