रायपुर, 08 अक्टूबर 2026

नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, परसदा में होने वाली भारत महिला बनाम जिम्बाब्वे महिला टी-20 क्रिकेट सीरीज की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सीरीज के तीन अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को खेले जाएंगे।

तैयारियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को विभिन्न विभागों के साथ आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैच के सुचारू संचालन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश पुलिस विभाग और आयोजक संस्थाओं को दिए।

मैच के सफल संचालन और अंतर-विभागीय समन्वय के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी गठित की गई है। समिति में रायपुर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, खेल एवं युवा कल्याण संचालक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं।

दर्शकों की सुविधा के लिए ई-टिकट स्कैनिंग को आसान बनाने हेतु स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की व्यवस्था की जाएगी। टिकटों का वितरण ऑनलाइन होगा। टिकटों पर स्टेडियम का नाम शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा।

स्टेडियम के भीतर खाद्य सामग्री और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। स्टेडियम परिसर और सभी पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएंगे। टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और बीसीसीआई के समन्वय से व्यवस्थित किया जाएगा। आवश्यक विद्युत व्यवस्था सीएसपीडीसीएल और ऊर्जा विभाग द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा नजदीकी अस्पतालों की मैपिंग की जाएगी और स्टेडियम परिसर में एम्बुलेंस तैनात रहेगी। आपातकालीन उपचार और वीवीआईपी आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग भी निर्धारित किया गया है।

स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी बीएसएनएल को दी गई है। वहीं, फायर ब्रिगेड, पर्याप्त जल व्यवस्था और आपातकालीन रूट के चिन्हांकन की जिम्मेदारी गृह एवं अग्निशमन विभाग द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के यशवंत कुमार, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, संचालक जनसंपर्क आशीष टिकरिया, एमडी टूरिज्म सौमिल रंजन चौबे सहित रायपुर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एनआरडीए, खेल एवं युवा कल्याण, फायर एवं सेफ्टी, एयरपोर्ट अथॉरिटी, सीएसपीडीसीएल, पीडब्ल्यूडी और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts