रायपुर, 8 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रहे भ्रम को स्पष्ट करते हुए कहा है कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है। चौक के नाम में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा और न ही उसके मूल स्वरूप से कोई छेड़छाड़ की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा में बताया कि प्रदेश के 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित किए जाएंगे। इनमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेलीबांधा चौक का नाम यथावत रहेगा, केवल इसे ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

38 स्थानों पर विकसित होंगे सेवा ज्योति संकल्प चौक

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि तेलीबांधा चौक के नाम को बदलने की कोई योजना नहीं है। इसे लेकर किसी प्रकार का भ्रम नहीं होना चाहिए। प्रदेश के 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की पहल की गई है।

उन्होंने कहा कि इन स्थानों का विकास सेवा और जनकल्याण की भावना को केंद्र में रखकर किया जाएगा।

सेवा संकल्प अभियान के तहत हो रहे कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी इसे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री आज दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की माताओं-बहनों के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश की सभी माताओं-बहनों को शुभकामनाएं दीं।

दुर्ग जिले को मिलेगी विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले को विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सौगात भी मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts