अंबिकापुर, 8 अक्टूबर 2026

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सरगुजा संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में सरगुजा और सूरजपुर जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने कार्य में तेजी, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के साथ जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से समझें और सक्रियता एवं गंभीरतापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कार्यालयों की व्यवस्था सुधारने और साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

अक्टूबर तक पूरे होंगे निर्माणाधीन पीएम आवास

नगरीय क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) को प्राथमिकता का कार्य बताते हुए सभी सीएमओ को अक्टूबर माह तक प्रगतिरत निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद तत्काल कार्य शुरू करने, प्रगतिरत कार्यों को जल्द पूरा करने और निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने को कहा। साथ ही राजस्व संग्रहण की हर माह समीक्षा करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), 15वें वित्त आयोग और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई।

त्योहारों से पहले सड़क मरम्मत में तेजी

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान श्री साव ने सड़कों, भवनों, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बरसात के बाद सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाला समय त्योहारों का है, इसलिए सड़कों की मरम्मत और अन्य निर्माण कार्य समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की असुविधा न हो।

उन्होंने निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी रोकने, नियमित मॉनिटरिंग करने और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल व्यवस्था, जलापूर्ति और संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।

श्री साव ने पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, जल स्रोतों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और पेयजल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा पेयजल अधोसंरचना के रखरखाव और योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

प्राथमिक शालाओं में बढ़ेंगी खेल गतिविधियां

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राथमिक शालाओं में खेल गतिविधियां बढ़ाने के लिए जिला पंचायत सीईओ और शिक्षा विभाग के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

उन्होंने स्कूलों के संकुलवार एक-एक पीटीआई को खेल गतिविधियों के संचालन के लिए चिन्हांकित करने के निर्देश दिए।

श्री साव ने सरगुजा ओलंपिक के लिए किए जा रहे पंजीयन की भी जानकारी ली और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने खेल संघों और खेल से जुड़े लोगों को अभियान से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों को भाग लेने के लिए प्रेरित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं।

बैठक में सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, सूरजपुर कलेक्टर रेना जमील, सरगुजा जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, सूरजपुर जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले और अंबिकापुर नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts