रायपुर,24 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की लगातार जारी कार्रवाई को लेकर सरकार का रुख स्पष्ट किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पिछले तीन साल से दोषियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
दोषियों के खिलाफ जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जा रहा है, उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। सरकार किसी भी दोषी को बख्शने के पक्ष में नहीं है। ACB और EOW द्वारा विभिन्न मामलों में की जा रही कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कही यह बात
आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सभी चुनाव महत्वपूर्ण होते हैं। पंच से लेकर हर स्तर के चुनाव का अपना महत्व है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक चुनाव की अपनी अहम भूमिका होती है।
50 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से बाहर आने पर PM मोदी का जताया आभार
देश में 50 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से बाहर आने के दावे पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ की ओर से प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हैं। पहले ये लोग अति गरीब की श्रेणी में आते थे, लेकिन अब उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। यह देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
हाथियों के आतंक पर सरकार और वन विभाग सजग
प्रदेश में हाथियों की बढ़ती गतिविधियों और मानव-हाथी संघर्ष को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि समस्या जरूर है, लेकिन राज्य सरकार और वन विभाग पूरी तरह सजग हैं। लोगों को लगातार सतर्क किया जा रहा है। हाथियों की मौजूदगी और संभावित खतरे की जानकारी मोबाइल फोन पर भी भेजी जा रही है, ताकि लोग समय रहते सावधान हो सकें और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
भिलाई, चरोदा और रिसाली में विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री साय ने भिलाई, चरोदा और रिसाली नगर निगम क्षेत्रों में होने वाले विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इन तीनों निगम क्षेत्रों में हाल ही में पूरे हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं, स्वीकृत नए विकास कार्यों का भूमिपूजन भी होगा।
इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री गजेंद्र यादव भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से नगरीय क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार और विकास को गति मिलेगी।


