भिलाई,24 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को इस्पात नगरी भिलाई के सेक्टर-2 में आयोजित श्री राम कथा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने व्यासपीठ को नमन कर विश्वविख्यात कथाव्यास पूज्य संत श्री चिन्मयानंद बापू जी से आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं के साथ बैठकर भक्तिभाव से श्रीराम कथा का रसपान किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरु नानक देव जी की जयंती प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने माता कौशल्या की जन्मभूमि और प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में पूज्य संत चिन्मयानंद बापू जी का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ से प्रभु श्रीराम का गहरा आध्यात्मिक संबंध

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस्पात नगरी भिलाई में विगत आठ दिनों से श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। पूज्य बापू जी के श्रीमुख से श्रीराम कथा सुनने का अवसर मिलना सभी के लिए सौभाग्य का विषय है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रभु श्रीराम से गहरा आध्यात्मिक और भावनात्मक संबंध है। प्रभु श्रीराम ने अपने वनवास काल का अधिकांश समय छत्तीसगढ़ में व्यतीत किया था। प्रदेश में ऐसे अनेक पवित्र स्थल हैं, जो प्रभु श्रीराम के वनवास काल की स्मृतियों से जुड़े हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राजिम के त्रिवेणी संगम स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर के संबंध में मान्यता है कि प्रभु श्रीराम और माता सीता ने अपने करकमलों से शिवलिंग की स्थापना की थी। वहीं, चंदखुरी में माता कौशल्या का मंदिर स्थित है। राम वन गमन पथ से जुड़े अनेक स्थल छत्तीसगढ़ की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।

श्री रामलला दर्शन योजना से 55 हजार से अधिक श्रद्धालु लाभान्वित

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम भव्य मंदिर में विराजमान हैं। यह छत्तीसगढ़वासियों के लिए विशेष हर्ष और गौरव का विषय है, क्योंकि यहां के लोग प्रभु श्रीराम को अपना भांजा मानते हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य शासन द्वारा प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन कराने के लिए श्री रामलला दर्शन योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु लाभान्वित हो चुके हैं।

योजना के तहत प्रत्येक सप्ताह अम्बिकापुर, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग से विशेष ट्रेन के माध्यम से लगभग 850 श्रद्धालुओं को अयोध्या ले जाकर श्री रामलला के दर्शन कराए जा रहे हैं।

जनवरी 2027 में रायपुर में होगी श्रीराम कथा

मुख्यमंत्री ने अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में पूर्व में आयोजित श्रीराम कथा का स्मरण करते हुए कहा कि पूज्य संत श्री चिन्मयानंद बापू जी का स्नेह और आशीर्वाद निरंतर छत्तीसगढ़ को प्राप्त हो रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं को जनवरी 2027 में रायपुर में आयोजित होने वाली श्रीराम कथा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा के श्रवण का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने प्रभु श्रीराम और माता सीता से सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, श्री प्रेम प्रकाश पांडेय, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, जीवन आनंद फाउंडेशन के अध्यक्ष विनोद सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts