रायपुर,26 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन के दौरान राजनांदगांव से अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ साहू को लेकर पहुंची मां पूर्णिमा साहू की फरियाद सुनी। बच्चे की स्वास्थ्य संबंधी समस्या और परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को पार्थ के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रीमैच्योर जन्म के कारण कमजोर है पार्थ की सेहत
पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका बेटा पार्थ प्रीमैच्योर पैदा हुआ था। जन्म के समय उसकी स्थिति कमजोर होने के कारण उसे करीब दो महीने तक अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था। अब तीन साल की उम्र में भी वह शारीरिक रूप से कमजोर है। उसकी आंखों में मोटा चश्मा लगा हुआ है। चिकित्सकों ने उसे मोतियाबिंद की समस्या बताई है और आंखों में लेंस प्रत्यारोपण के उपचार पर लाखों रुपये खर्च होने की जानकारी दी है।
आर्थिक तंगी बनी बेटे के इलाज में बाधा
पूर्णिमा ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बेटे के महंगे इलाज का खर्च उठाना उनके लिए संभव नहीं है। अपने बच्चे को बेहतर उपचार दिलाने की उम्मीद लेकर वह जनदर्शन में मुख्यमंत्री के पास पहुंची थीं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मां की चिंता और बच्चे की स्वास्थ्य संबंधी समस्या को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पार्थ के समुचित और बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि आर्थिक परेशानी उसके उपचार में बाधा न बने।
मुख्यमंत्री की इस पहल से बेटे के बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर पहुंची मां पूर्णिमा को राहत और भरोसा मिला है। जनदर्शन जरूरतमंद परिवारों की समस्याएं सुनने और उन्हें समय पर सहायता उपलब्ध कराने का माध्यम बन रहा है।


