रायपुर, 26 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर संभागीय मुख्यालय में खरसिया नाका रोड और सीतापुर नगर पंचायत में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क निर्माण का काम तेजी से जारी है। दोनों सड़कों के निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। सीतापुर में सड़क निर्माण के लिए पेड़ों की कटाई की आवश्यक अनुमति भी प्राप्त हो गई है। प्रशासन ने दोनों सड़कों का निर्माण अगले तीन से छह महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
खरसिया नाका रोड का निर्माण तीन महीने में होगा पूरा
अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र का खरसिया नाका रोड जलजमाव की समस्या वाला क्षेत्र है। करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क के 300 मीटर हिस्से में डामरीकरण का काम पूरा कर लिया गया है। शेष हिस्से में सीसी रोड का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। सड़क निर्माण के दौरान लोगों को धूल और असुविधा से बचाने के लिए प्रतिदिन 6 से 7 टैंकर पानी का छिड़काव किया जा रहा है।
सड़क चौड़ीकरण के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 40 से अधिक अतिक्रमण हटाए हैं। निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशासन के अनुसार, खरसिया नाका रोड का निर्माण आगामी तीन महीनों में पूरा कर लिया जाएगा।
सीतापुर में रात में भी जारी है सड़क निर्माण
सीतापुर नगर पंचायत में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क निर्माण का काम भी द्रुत गति से चल रहा है। निर्माण के लिए पेड़ों की कटाई की आवश्यक अनुमति प्राप्त हो चुकी है। वर्तमान में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है।
बरसात के बाद निर्माण कार्यों में तेजी लाई गई है। निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के लिए रात में भी सड़क निर्माण जारी रखा गया है। प्रशासन ने आगामी छह महीनों में सड़क निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
सड़क निर्माण पूरा होने से आवागमन होगा आसान
खरसिया नाका रोड और सीतापुर में सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर, सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ लोगों को रोजाना होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलने की उम्मीद है।


