रायपुर,28 नवम्बर 2026

धनंजय राठौर, संयुक्त संचालक, जनसंपर्क

छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों की लाखों महिलाओं के जीवन में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने बड़ा बदलाव लाया है। वर्षों तक लकड़ी, कोयले और उपलों के पारंपरिक चूल्हों पर खाना पकाने की मजबूरी झेलने वाली महिलाओं को अब स्वच्छ ईंधन की सुविधा मिल रही है। योजना के माध्यम से प्रदेश में 39 लाख 73 हजार से अधिक महिलाओं को एलपीजी गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। इससे महिलाओं को चूल्हे के धुएं से राहत मिलने के साथ ही उनके स्वास्थ्य, समय और सम्मान की भी रक्षा हुई है।

एक बड़ी सामाजिक और स्वास्थ्य क्रांति

पारंपरिक चूल्हों से निकलने वाला धुआं ग्रामीण महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती रहा है। रसोई में घंटों धुएं के बीच खाना बनाने से महिलाओं को सांस संबंधी बीमारियों, आंखों में जलन और फेफड़ों से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने इस समस्या को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज बस्तर के सुदूर वनांचल से लेकर सरगुजा की पहाड़ियों और मैदानी इलाकों के गांवों तक रसोईघरों में धुएं की जगह एलपीजी की नीली लौ दिखाई दे रही है।

समय की बचत से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहीं महिलाएं

पहले ग्रामीण महिलाओं का काफी समय जंगलों से जलाऊ लकड़ी जुटाने, उपले तैयार करने और चूल्हा जलाने में बीत जाता था। इस वजह से वे अपने स्वास्थ्य, बच्चों की पढ़ाई और आर्थिक गतिविधियों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाती थीं। अब गैस कनेक्शन मिलने से खाना बनाना आसान और तेज हो गया है। महिलाएं बचे हुए समय का उपयोग स्व-सहायता समूहों से जुड़ने, रोजगार के अवसर तलाशने, बच्चों की पढ़ाई और परिवार की आय बढ़ाने में कर रही हैं।

योजना के तहत पात्र गरीब परिवारों की महिलाओं को निःशुल्क एलपीजी कनेक्शन, गैस चूल्हा और पहला रिफिल उपलब्ध कराया जाता है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वच्छ ईंधन अपनाने में मदद मिल रही है।

पर्यावरण संरक्षण में भी अहम योगदान

छत्तीसगढ़ वन संपदा से समृद्ध राज्य है। ऐसे में लाखों परिवारों तक एलपीजी की पहुंच पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। 39 लाख 73 हजार से अधिक परिवारों तक गैस कनेक्शन पहुंचने से जलाऊ लकड़ी पर निर्भरता कम करने और वनों पर दबाव घटाने में मदद मिली है। इसके साथ ही पारंपरिक ईंधन के उपयोग से होने वाले धुएं और कार्बन उत्सर्जन को कम करने की दिशा में भी योजना योगदान दे रही है।

जिलावार आंकड़ों के अनुसार, बिलासपुर जिले में 2 लाख 94 हजार 134, जांजगीर-चांपा में 2 लाख 74 हजार 650, रायगढ़ में 2 लाख 30 हजार 101, बलौदाबाजार-भाटापारा में 2 लाख 27 हजार 132, महासमुंद में 1 लाख 93 हजार 464, कोरबा में 1 लाख 55 हजार 683, जशपुर में 1 लाख 42 हजार 185, बस्तर में 1 लाख 33 हजार 555, बेमेतरा में 1 लाख 33 हजार 377, धमतरी में 1 लाख 28 हजार 643, कबीरधाम में 1 लाख 20 हजार 895 और मुंगेली जिले में 1 लाख 19 हजार 549 महिलाओं को उज्ज्वला योजना के माध्यम से एलपीजी गैस कनेक्शन मिले हैं।

महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक बनी योजना

जशपुर जिले के विकासखंड बगीचा निवासी श्रीमती क्रांति यादव ने गैस सिलेंडर मिलने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि पहले पारंपरिक चूल्हे पर खाना बनाने के दौरान धुएं से आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होती थी। अब गैस कनेक्शन मिलने से वे स्वच्छ वातावरण में आसानी से भोजन बना सकेंगी।

इसी तरह ग्राम मड़िया निवासी श्रीमती फूलमती नगेसिया ने बताया कि वे अब तक लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाती थीं। धुएं के कारण घर का वातावरण खराब हो जाता था और काफी असुविधा होती थी। निःशुल्क गैस कनेक्शन मिलने से अब खाना जल्दी और साफ-सुथरे तरीके से बनाया जा सकेगा। उन्होंने इस योजना को अपने परिवार के लिए बड़ी राहत बताया।

गैस कनेक्शन मिलने से महिलाओं के चेहरों पर लौटी मुस्कान

राजनांदगांव जिले के मेड़ेसरा निवासी श्रीमती राजेश्वरी साहू ने बताया कि निःशुल्क एलपीजी कनेक्शन मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ और सुरक्षित ईंधन की सुविधा मिली है।

वहीं रवेली निवासी श्रीमती परमेश्वरी वर्मा ने कहा कि पहले चूल्हे के धुएं से छोटे बच्चों को भी परेशानी होती थी। अब गैस सिलेंडर मिलने से बच्चों को धुएं से राहत मिलेगी और भोजन जल्दी तैयार हो सकेगा। सिलेंडर मिलते ही महिलाओं के चेहरों पर सुकून और खुशी साफ झलक उठी। यह खुशी केवल एक सुविधा मिलने की नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही कठिनाइयों से मुक्ति की थी। राजेश्वरी साहू, मीना यादव, परमेश्वरी वर्मा और पार्वती के लिए यह दिन सपने के साकार होने जैसा रहा।

स्वच्छ रसोई से मजबूत हो रहा महिला सशक्तिकरण

महिलाओं के नाम पर गैस कनेक्शन जारी होने से परिवार में उनकी निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक प्रतिष्ठा को भी मजबूती मिली है। केंद्र सरकार की ओर से दी जा रही सब्सिडी और रिफिल की उपलब्धता से योजना का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है।

आज छत्तीसगढ़ की 39 लाख 73 हजार से अधिक महिलाएं केवल उज्ज्वला योजना की लाभार्थी नहीं हैं, बल्कि वे स्वस्थ परिवार, स्वच्छ पर्यावरण और सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। रसोई से धुएं का खत्म होना उनके जीवन में स्वास्थ्य, सुविधा और आत्मसम्मान की नई शुरुआत है। निश्चित ही धुएं से मिली यह आजादी छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास की नई इबारत लिख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts