रायपुर, 27 नवंबर 2026

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत रघुनाथनगर में आयोजित करमा महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्षेत्रवासियों को 71 करोड़ 48 लाख रुपये के 694 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 54 करोड़ 21 लाख रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन और 17 करोड़ 27 लाख रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। करमा महोत्सव लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। राज्य सरकार जनजातीय परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के साथ दूरस्थ अंचलों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ हर गांव, हर परिवार और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय, रघुनाथनगर और बरतीकला में बनेंगे मंगल भवन

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई घोषणाएं कीं। इनमें वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन, ग्राम पंचायत रघुनाथनगर और बरतीकला में मंगल भवन तथा ग्राम पंचायत महेवा में विद्युत सब स्टेशन की स्थापना शामिल है। इसके अलावा प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण रकसगंडा को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने और वाड्रफनगर के अधूरे नगर वन पार्क का निर्माण पूरा कराने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित और भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में भगवानपुर से मेंढ़ारी तथा डिण्डो-विमलापुर-नावाडीह सड़क निर्माण, सात नल-जल योजनाएं, रामानुजगंज अस्पताल में डायलिसिस यूनिट, 12 आंगनबाड़ी भवन, राजपुर में एसडीएम कार्यालय भवन और चान्दो में तहसील कार्यालय भवन सहित अनेक विकास कार्य शामिल हैं। इनसे क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा।

21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र भी खोले गए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। जिन किसानों ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचा है, वे भी इस सहायता के पात्र होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक महिलाओं को मिल रही आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण प्रदेश की समृद्धि का आधार है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये दिए जा रहे हैं। यह योजना महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने किया वृद्धजन क्लिनिक का शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन की अभिनव पहल ‘वृद्धजन क्लिनिक’ का शुभारंभ किया। ‘स्वस्थ वृद्ध, खुशहाल जीवन’ के उद्देश्य से शुरू किए गए इस क्लिनिक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग पंजीयन काउंटर, चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञ परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

यहां जेरियाट्रिक फिजियोथेरेपी, इन्फ्रारेड थेरेपी, मसाज चेयर और आयुष चिकित्सा पद्धति के अंतर्गत शिरोधारा जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। इससे बुजुर्गों को अलग-अलग स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कई स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा और एक ही छत के नीचे उपचार एवं देखभाल की सुविधा मिलेगी।

मेगा स्वास्थ्य शिविर में 7,259 लोगों को मिला विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ

करमा महोत्सव के अवसर पर आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में 7,259 लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिला। मुख्यमंत्री ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ अंचलों में लोगों, विशेषकर महिलाओं को उनके क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। उन्होंने शिविर में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व्यक्त किया।

‘बालभोग’ नवाचार से कुपोषण के खिलाफ लड़ाई

कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

बच्चों में कुपोषण दूर करने के लिए जिले में ‘बालभोग’ नवाचार शुरू किया गया है। इसके तहत ग्रामीण महिलाएं रागी, सत्तू और श्रीअन्न से पौष्टिक लड्डू तैयार करती हैं। पोषण सखियां घर-घर जाकर कुपोषित बच्चों को अपने सामने इनका सेवन कराती हैं और उनकी पोषण संबंधी प्रगति का नियमित रिकॉर्ड रखती हैं। इससे बच्चों के पोषण में सुधार के साथ ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ रही है।

कार्यक्रम में सरगुजा सांसद श्री चिंतामणी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए काम हो रहा है। वहीं प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है।

इस अवसर पर पूर्व गृहमंत्री एवं वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनि निकुंज, जनपद पंचायत वाड्रफनगर की अध्यक्ष श्रीमती शशि सिंह पोर्ते सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts