रायपुर, 28 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ की भाषायी अस्मिता, लोक संस्कृति और साहित्यिक विरासत को समर्पित राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस समारोह राजधानी रायपुर में उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। संस्कृति विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में आयोजित इस समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में 14 साहित्यिक पुस्तकों का विमोचन, पांच साहित्यकारों का सम्मान, छत्तीसगढ़ी लघु फिल्म का लोकार्पण, साहित्यिक परिचर्चा और कवि सम्मेलन आयोजित किया गया।
समारोह को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने वीडियो संदेश के माध्यम से संबोधित किया। वहीं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा सहित कई साहित्यकार और भाषा प्रेमी शामिल हुए।
मातृभाषा के मान-सम्मान को बढ़ाने का लें संकल्प: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संदेश में प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा हमारी सांस्कृतिक विरासत और स्वाभिमान का प्रतीक है। हमारे लोकगीतों, लोककथाओं, तीज-त्योहारों और परंपराओं में छत्तीसगढ़ी की मिठास और आत्मीयता झलकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी भाषा की वास्तविक समृद्धि उसके अधिकाधिक उपयोग और नई पीढ़ी से जुड़ाव में निहित होती है। छत्तीसगढ़ी को दैनिक व्यवहार, साहित्य, शिक्षा और रचनात्मक अभिव्यक्ति में अधिक से अधिक स्थान देना चाहिए। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से मातृभाषा के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने की अपील की।
घर-परिवार और कामकाज में बेहिचक बोलें छत्तीसगढ़ी: मंत्री राजेश अग्रवाल
संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ी केवल बोलचाल की भाषा नहीं, बल्कि हमारे पूर्वजों का आशीर्वाद, लोक संस्कृति की पहचान और भावनात्मक जुड़ाव का माध्यम है। उन्होंने कहा कि अपनी मातृभाषा सुनने से व्यक्ति को अपने गांव और घर-आंगन की याद आती है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने बच्चों को छत्तीसगढ़ी सिखाएं और घर-परिवार तथा दैनिक कामकाज में बिना किसी संकोच के मातृभाषा का उपयोग करें।
स्थानीय भाषा में प्रारंभिक शिक्षा से बच्चों का होगा सर्वांगीण विकास: ओपी चौधरी
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने अपने संबोधन में भाषा और संस्कृति से जुड़े रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की भाषा और संस्कृति उसकी मूल पहचान होती है। अपनी भाषा से जुड़ाव व्यक्ति के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय बोली और भाषा में होनी चाहिए, ताकि वे विषयों को आसानी से समझ सकें और ज्ञान को बेहतर तरीके से आत्मसात कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि अंग्रेजी सहित दूसरी भाषाएं जरूर सीखें, लेकिन अपनी मातृभाषा और संस्कृति को कभी न छोड़ें।
छत्तीसगढ़ी बोलने में संकोच नहीं, गर्व महसूस करें: गजेंद्र यादव
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ी बोलने को लेकर पहले ग्रामीण अंचलों से शहर आने वाले लोगों में संकोच देखने को मिलता था। राज्य गठन और छत्तीसगढ़ी को राजभाषा का दर्जा मिलने के बाद इस स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि अपनी मातृभाषा बोलने में किसी को भी हीनभावना नहीं रखनी चाहिए, बल्कि छत्तीसगढ़ी बोलने पर गर्व महसूस करना चाहिए। उन्होंने बताया कि श्री हीरालाल काव्योपाध्याय ने वर्ष 1885 में ही छत्तीसगढ़ी भाषा का व्याकरण तैयार कर दिया था, जो इसकी समृद्ध साहित्यिक और व्याकरणिक परंपरा का प्रमाण है।
14 साहित्यिक कृतियों का हुआ विमोचन
समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य को समृद्ध बनाने वाली 14 पुस्तकों का विमोचन किया गया। इनमें अरविंद मिश्र की ‘नोहर-छोहर छत्तीसगढ़’, बिसरू राम कुर्रे की ‘माटी के लाल’, गणेश्वर पटेल की ‘आखर अउ अंजोर’, पद्मा साहू ‘पर्वणी’ की ‘उधारी के सुवासा’, सुमित्रा साहू की ‘छत्तीसगढ़ के गहना-गुरिया परिधान’, रामकुमार वर्मा की ‘जसगीत झांकी भाग-02’ और अमोल दास टंडन की ‘मय माटी अंव रे झन बाटव ये देश ल’ शामिल हैं।
इसके अलावा बलराम मिर्झा की ‘धर्म क्रांति के अगवा’, प्रिया देवांगन की ‘माटी के सिरजाय छंद’, सुधा वर्मा की ‘अंचरा के धागा’ और ‘ठउर खोजत बसंत’, डोरे लाल कैवर्त की ‘अमृत गंगार’, बंशीधर लाल की ‘सियान के गोठ’ तथा डूमन लाल ध्रुव की ‘जिनगी बिरथा नइ जाय’ का भी विमोचन किया गया।
इन पुस्तकों में छत्तीसगढ़ी लोकजीवन, पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत, सामाजिक सरोकार और सांस्कृतिक मूल्यों को अभिव्यक्ति दी गई है।
छत्तीसगढ़ी लघु फिल्म ‘मोर भाखा’ का लोकार्पण
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लघु फिल्म ‘मोर भाखा’ का भी लोकार्पण किया गया। आयोजन में कहा गया कि साहित्य के साथ-साथ फिल्म और दृश्य-श्रव्य माध्यम भी मातृभाषा के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इससे नई पीढ़ी को अपनी भाषा और संस्कृति से जोड़ने में मदद मिलेगी।
छत्तीसगढ़ी भाषा की सेवा करने वाले पांच साहित्यकार सम्मानित
समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा एवं साहित्य के संरक्षण और संवर्धन में योगदान देने वाले पांच साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। इनमें गरियाबंद जिले के मकसूदन राम साहू ‘बरीवाला’, रायगढ़ जिले की सुधा देवांगन, सरगुजा जिले के बतौली निवासी सुदामा राम गुप्ता तथा रायपुर जिले के ईश्वर साहू ‘बंधी’ और गोविंद धनगर शामिल हैं।
अतिथियों को छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुरूप ‘मया चिन्हारी’ भी भेंट की गई।
‘पुरखा के सुरता’ में याद किया गया डॉ. सत्यभामा आडिल का योगदान
समारोह के दूसरे सत्र में ‘पुरखा के सुरता’ विषय पर साहित्यिक परिचर्चा आयोजित की गई। यह परिचर्चा वरिष्ठ साहित्यकार, कवयित्री और शिक्षाविद् स्वर्गीय डॉ. सत्यभामा आडिल को समर्पित रही। इसमें डॉ. कल्पना मिश्रा और डॉ. रेशमा अंसारी ने उनके व्यक्तित्व, साहित्यिक कृतित्व और योगदान पर विचार रखे।
डॉ. आडिल ने हिंदी और छत्तीसगढ़ी साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी प्रमुख कृतियों में ‘छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य’, ‘क्वांर की दुपहरी’, ‘संत धर्मदास’, ‘छत्तीसगढ़ी व्यावहारिक शब्दकोश’ और ‘जनपदीय भाषा-साहित्य छत्तीसगढ़ी’ शामिल हैं।
कवि सम्मेलन में छत्तीसगढ़ी माटी की महक, भावपूर्ण रचनाओं ने जीता दिल
समारोह के तीसरे सत्र में आयोजित छत्तीसगढ़ी कवि सम्मेलन में प्रदेश के प्रतिष्ठित कवियों और साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कवियों ने छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास, लोकजीवन, माटी से जुड़ी संवेदनाओं और सांस्कृतिक विविधता को अपनी कविताओं में प्रस्तुत किया।
कवि सम्मेलन में बिहारी लाल साहू, रमेन्द्रनाथ मिश्र, डॉ. सुधीर शर्मा, डॉ. पी.सी. लाल यादव, अरुण निगम, किशोर तिवारी, डी.पी. पारकर, सुधा वर्मा, अरविंद मिश्र, रामनाथ साहू, राकेश तिवारी, दानी प्रसाद शर्मा, विजय मिश्रा, काशीपुरी कुंदन सहित अनेक कवियों ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी।
‘सुरहुत्ती’ पत्रिका और ‘बछर’ पंचांग का भी हुआ विमोचन
राजभाषा दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा प्रकाशित छत्तीसगढ़ी पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ और पंचांग ‘बछर’ का विमोचन किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ी हमारी सांस्कृतिक अस्मिता और पीढ़ियों से संजोई गई परंपराओं की जीवंत अभिव्यक्ति है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये प्रकाशन छत्तीसगढ़ी साहित्य और पारंपरिक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में उपयोगी होंगे।
कार्यक्रम के अंत में मातृभाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के संकल्प के साथ समारोह संपन्न हुआ। मंच संचालन विजय मिश्रा ‘अमित’ और संध्यारानी शुक्ला ने किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए साहित्यकार, कवि, लेखक, भाषा प्रेमी और संस्कृति विभाग तथा राजभाषा आयोग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


