रायपुर, 28 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ के दूरस्थ वनांचलों और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास एवं बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम जोकारी में 29 करोड़ 32 लाख 84 हजार रुपये के पांच विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन कार्यों में 6 करोड़ 55 लाख 53 हजार रुपये के एक कार्य का लोकार्पण तथा 22 करोड़ 77 लाख 31 हजार रुपये के चार कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ वनांचलों और अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास का लाभ पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। सरकार का संकल्प है कि विकास की मुख्यधारा से कोई गांव और कोई परिवार वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। दूरस्थ गांवों में बेहतर सड़क संपर्क और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति से लोगों का दैनिक जीवन सुगम होने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में भी नए अवसर उपलब्ध होंगे।

4.45 करोड़ के दो विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण, 19 गांव होंगे लाभान्वित

मुख्यमंत्री ने विद्युत विभाग के अंतर्गत ग्राम काईकछार और बालाछापर में 4 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण किया। इन उपकेंद्रों के शुरू होने से क्षेत्र के 19 गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी।

काईकछार विद्युत उपकेंद्र से काईकछार, चांपा टोली, रामबंध, बरपानी, ढारेन, जामपानी, सालामाली, केंदपानी और टेढ़ा पहाड़ सहित 9 गांवों के उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।

इसी प्रकार बालाछापर विद्युत उपकेंद्र से बालाछापर, पुरनानगर, सिटोंगा, कनमोरा, रेंगोला, रायकोना, जबला, जोगीमारा, बढ़ईखाना और रजौटी सहित 10 गांवों में बिजली आपूर्ति बेहतर होगी।

दोनों उपकेंद्रों के संचालन से क्षेत्र की विद्युत वितरण व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी। इससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। घरेलू उपभोक्ताओं के साथ कृषि और अन्य ग्रामीण गतिविधियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

बनकम्बो में 50 लाख का सामाजिक भवन, जोकारी में बनेगा महतारी सदन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्षेत्रवासियों की मांग पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने ग्राम बनकम्बो में चीक समाज के लिए 50 लाख रुपये की लागत से सामाजिक भवन निर्माण की घोषणा की। इस भवन से समाज के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ग्राम जोकारी में 30 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन निर्माण की घोषणा की। महतारी सदन महिलाओं की सामूहिक गतिविधियों, बैठकों और सामाजिक सहभागिता के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

जोकारी में मिनी स्टेडियम और खेल मैदान की भी घोषणा

मुख्यमंत्री ने जोकारी में मिनी स्टेडियम एवं खेल मैदान निर्माण की भी घोषणा की। इससे क्षेत्र के युवाओं को खेलकूद के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं का विस्तार युवाओं की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक है। खेल मैदान और मिनी स्टेडियम बनने से स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने तथा विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लेने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

गांवों की समृद्धि से बनेगा सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। अधोसंरचना निर्माण के साथ सामाजिक सुविधाओं का विस्तार, महिलाओं का सशक्तिकरण और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि जोकारी और आसपास के गांवों को मिली विकास कार्यों की सौगात से क्षेत्र की प्रगति को नई गति मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक गांव तक विकास की सुविधाएं पहुंचें और ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों की खुशहाली और समृद्धि ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। इसी संकल्प के साथ राज्य सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts