रायपुर, 27 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं के तीर्थ दर्शन का सपना साकार हो रहा है। इसी कड़ी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के 19 तीर्थयात्री बोधगया, सारनाथ और नालंदा की पांच दिवसीय तीर्थयात्रा के लिए शुक्रवार को रवाना हुए। इस योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को देश के प्रमुख धार्मिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है।
समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले के चयनित तीर्थयात्रियों को बिलासपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया, जहां से वे अपनी आगे की यात्रा शुरू करेंगे। यह तीर्थयात्रा 27 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को प्रमुख बौद्ध तीर्थस्थलों के साथ ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
बोधगया, सारनाथ और नालंदा के करेंगे दर्शन
तीर्थयात्रा के दौरान श्रद्धालु बिहार स्थित बोधगया पहुंचेंगे। यह वही पावन स्थल है, जहां भगवान गौतम बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। इसके बाद उत्तर प्रदेश के सारनाथ में भगवान बुद्ध द्वारा दिए गए प्रथम उपदेश से जुड़ी आध्यात्मिक विरासत से परिचित होंगे।
इसके साथ ही बिहार के नालंदा में प्राचीन भारतीय ज्ञान, शिक्षा और संस्कृति की समृद्ध परंपरा से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन करेंगे।
धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक विश्वास को मिल रहा संबल
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना राज्य सरकार की संवेदनशील और जनकल्याणकारी सोच का परिचायक है। इस योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी तीर्थ दर्शन की अभिलाषा पूरी हो रही है।
राज्य सरकार की इस पहल से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और आत्मिक संतोष प्राप्त करने के साथ ही देश की समृद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है। यह योजना धार्मिक आस्था के सम्मान के साथ सामाजिक सद्भाव, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय एकात्मता की भावना को भी मजबूत कर रही है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित यह योजना श्रद्धालुओं के जीवन में खुशियां लाने के साथ जनकल्याणकारी और संवेदनशील शासन की अवधारणा को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बनी हुई है।


