रायपुर,27 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ की अस्मिता, लोकसंस्कृति और साहित्यिक विरासत को समर्पित छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस का राज्य स्तरीय समारोह 28 नवंबर को राजधानी रायपुर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर 14 साहित्यिक कृतियों का विमोचन किया जाएगा, वहीं छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य की सेवा करने वाले पांच साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में साहित्यिक परिचर्चा और कवि सम्मेलन के माध्यम से छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास और सांस्कृतिक वैभव की झलक देखने को मिलेगी।
संस्कृति विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में आयोजित इस समारोह का शुभारंभ सुबह 10 बजे होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल अध्यक्षता करेंगे।
समारोह में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित हैं। वहीं विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन तथा संस्कृति एवं राजभाषा संचालक डॉ. संजय कन्नौजे विशिष्ट अतिथि होंगे। उद्घाटन सत्र में राजभाषा आयोग की सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार स्वागत उद्बोधन देंगी और आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा अध्यक्षीय उद्बोधन देंगे।
छत्तीसगढ़ी साहित्य की 14 कृतियों का होगा विमोचन
राजभाषा दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ी भाषा एवं साहित्य को समृद्ध बनाने वाले साहित्यकारों की 14 पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा। विमोचित होने वाली कृतियों में शामिल हैं—
- अरविंद मिश्र – ‘नोहर-छोहर छत्तीसगढ़’
- बिसरू राम कुर्रे – ‘माटी के लाल’
- गणेश्वर पटेल – ‘आखर अउ अंजोर’
- पद्मा साहू ‘पर्वणी’ – ‘उधारी के सुवासा’
- सुमित्रा साहू – ‘छत्तीसगढ़ के गहना-गुरिया परिधान’
- रामकुमार वर्मा – ‘जसगीत झांकी भाग-02’
- अमोल दास टंडन – ‘मय माटी अंव रे झन बाटव ये देश ल’
- बलराम मिर्झा – ‘धर्म क्रांति के अगवा’
- प्रिया देवांगन – ‘माटी के सिरजाय छंद’
- सुधा वर्मा (डॉ. सत्यभामा आडिल) – ‘अंचरा के धागा’
- सुधा वर्मा – ‘ठउर खोजत बसंत’
- डोरे लाल कैवर्त – ‘अमृत गंगार’
- बंशीधर लाल – ‘सियान के गोठ’
- डूमन लाल ध्रुव – ‘जिनगी बिरथा नइ जाय’
इन पुस्तकों के विमोचन से छत्तीसगढ़ी साहित्य के विविध विषयों और रचनात्मक विधाओं को पाठकों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
छत्तीसगढ़ी भाषा की सेवा करने वाले पांच साहित्यकारों का होगा सम्मान
समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वालों में गरियाबंद जिले के मकसूदन राम साहू ‘बरीवाला’, रायगढ़ जिले की सुधा देवांगन, सरगुजा जिले के बतौली निवासी सुदामा राम गुप्ता तथा रायपुर जिले के ईश्वर साहू ‘बंधी’ और गोविंद धनगर शामिल हैं।
इस अवसर पर अतिथियों को छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुरूप ‘मया चिन्हारी’ भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।
‘पुरखा के सुरता’ में याद किया जाएगा साहित्यिक योगदान
समारोह के दूसरे सत्र में दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक साहित्यिक परिचर्चा आयोजित होगी। ‘पुरखा के सुरता’ विषय पर होने वाली यह परिचर्चा स्वर्गीय डॉ. सत्यभामा आडिल को समर्पित रहेगी। इसमें डॉ. कल्पना मिश्रा और डॉ. रेशमा अंसारी वक्ता के रूप में अपने विचार साझा करेंगी।
इस परिचर्चा के माध्यम से छत्तीसगढ़ी साहित्य की समृद्ध विरासत और पूर्ववर्ती साहित्यकारों के योगदान को याद किया जाएगा।
कवि सम्मेलन में गूंजेंगे छत्तीसगढ़ी माटी के स्वर
राजभाषा दिवस के तीसरे सत्र में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक छत्तीसगढ़ी कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश के साहित्यकार और कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास, लोकजीवन, सांस्कृतिक विविधता और माटी से जुड़ी भावनाओं को प्रस्तुत करेंगे।
छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा और सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार ने प्रदेश के साहित्यकारों, कवियों, लेखकों और छत्तीसगढ़ी भाषा प्रेमियों को इस आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण दिया है।
राजभाषा दिवस का यह आयोजन छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के साथ नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगा।


