बस्तर,27 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के युवा अपनी प्रतिभा, साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति से लगातार प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। इसी कड़ी में जगदलपुर के शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्वयंसेवक भुवनेश्वर कश्यप ने हिमाचल प्रदेश की चांशल पहाड़ियों में समुद्र तल से 14,830 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा है।
6 किलोमीटर की कठिन पर्वतीय ट्रेकिंग पूरी की
भुवनेश्वर कश्यप ने हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में स्थित रीजनल एडवेंचर स्पोर्ट्स सेंटर, हटकोटी में आयोजित 10 दिवसीय राष्ट्रीय साहसिक प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने लगभग 6 किलोमीटर की कठिन पर्वतीय ट्रेकिंग पूरी की।
इस चुनौतीपूर्ण अभियान में उन्हें दुर्गम पहाड़ी रास्तों, कठिन चढ़ाई और विपरीत प्राकृतिक परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने अपने साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए 14,830 फीट की ऊंचाई तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
इस उपलब्धि के दौरान भुवनेश्वर ने चांशल की पहाड़ियों पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का बैनर प्रदर्शित किया। इसके माध्यम से उन्होंने अपने महाविद्यालय के साथ-साथ बस्तर और छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
साहसिक गतिविधियों से निखर रही युवाओं की नेतृत्व क्षमता
राष्ट्रीय साहसिक प्रशिक्षण शिविर में युवाओं को पर्वतीय ट्रेकिंग, वैली क्रॉसिंग और रस्सियों के सहारे विभिन्न साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही प्रतिभागियों को टीम वर्क, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और विपरीत परिस्थितियों में धैर्य, साहस एवं सूझबूझ के साथ निर्णय लेने के लिए तैयार करना है।
प्राचार्य और NSS अधिकारी के मार्गदर्शन में मिली सफलता
भुवनेश्वर कश्यप की इस उपलब्धि में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री दुर्गेश देवांगन का मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा है।
भुवनेश्वर की यह उपलब्धि बस्तर के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने अपनी मेहनत, हौसले और दृढ़ इच्छाशक्ति से साबित किया है कि मजबूत संकल्प के साथ कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है।


