रायपुर, 28 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस चरण में प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय एवं सामाजिक-आर्थिक जानकारी एकत्रित की जाएगी। जनगणना का कार्य समयबद्ध, त्रुटिरहित और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के लिए मुख्य सचिव श्री विकासशील ने सभी जिला कलेक्टरों, संभागायुक्तों और जिला जनगणना अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। प्रदेश में जनगणना की जिम्मेदारी 62,102 प्रगणक और 10,667 पर्यवेक्षक संभालेंगे।
इस संबंध में मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में मुख्य सचिव ने निर्धारित समय-सीमा में जनगणना का कार्य पूरा करने और मैदानी स्तर पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया श्रीमती वृषाली वराडे, अपर मुख्य सचिव श्रीमती निहारिका बारिक, जनगणना निदेशक श्री कार्तिकेय गोयल सहित प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर, संभागायुक्त और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के साथ प्रशिक्षण पर जोर
डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया श्रीमती वृषाली वराडे ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया गया है। वहीं द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति की व्यक्तिगत जनगणना की जाएगी। इसमें जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक जानकारियां संकलित होंगी। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर देश और राज्यों की विकास योजनाओं तथा नीतियों का निर्माण किया जाता है।
उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता और शुद्धता बनाए रखना बेहद महत्वपूर्ण है। इसके लिए बड़ी संख्या में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के साथ उनका गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण जरूरी है। प्रगणकों को निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से नागरिकों से जानकारी प्राप्त करनी होगी। इसमें प्रजनन, दिव्यांगता, धर्म और जाति जैसे महत्वपूर्ण विषय भी शामिल होंगे।
उन्होंने जिला जनगणना अधिकारियों से सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने और जनगणना से जुड़ी भ्रामक जानकारियों एवं अफवाहों का तत्काल खंडन करने की अपील की।
प्रशिक्षण और नियमित मॉनिटरिंग के लिए मुख्य सचिव ने दिए निर्देश
मुख्य सचिव श्री विकासशील ने कहा कि जनगणना का प्रथम चरण बेहतर ढंग से पूरा किया गया है। अब द्वितीय चरण को भी पूरी गंभीरता और समयबद्धता के साथ संपन्न करना है। उन्होंने कलेक्टरों को जनगणना संबंधी दिशा-निर्देशों का स्वयं अध्ययन करने और अपनी टीम को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि समय-सीमा का पालन, प्रगणकों का बेहतर प्रशिक्षण, पर्यवेक्षण और नियमित मॉनिटरिंग जनगणना की सफलता के प्रमुख आधार हैं। प्रगणकों को नागरिकों और परिवारों से सहज संवाद स्थापित कर सही जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रशिक्षित किया जाए। साथ ही नागरिकों की सहायता के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जनगणना के दौरान नागरिकों के बीच किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति नहीं बननी चाहिए। लोगों को स्पष्ट रूप से बताया जाए कि जनगणना में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल आंकड़ों का संकलन करना है। इसका किसी भी प्रकार के प्रमाण पत्र या अन्य शासकीय पात्रता से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा।
25 जनवरी से 28 फरवरी तक घर-घर जाकर होगी जनगणना
जनगणना निदेशक श्री कार्तिकेय गोयल ने द्वितीय चरण की कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण करते हुए बताया कि जनसंख्या गणना का पूरा कार्य डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार:
- 10 से 24 जनवरी 2027: नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा।
- 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027: प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे।
- 1 से 5 मार्च 2027: पुनरीक्षण कार्य किया जाएगा।
स्व-गणना के दौरान नागरिक स्वयं अपनी जानकारी डिजिटल माध्यम से दर्ज कर सकेंगे। जानकारी दर्ज होने के बाद एक आईडी जनरेट होगी, जिसे प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा। स्व-गणना ऐच्छिक है, यह अनिवार्य नहीं है। जो नागरिक स्वयं जानकारी दर्ज नहीं करना चाहते, उनके घर प्रगणक निर्धारित अवधि में पहुंचकर जानकारी एकत्रित करेंगे।
प्रदेश के सभी 33 जिलों में होगी जनसंख्या गणना
जनगणना के द्वितीय चरण में छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों, 14 नगर पालिक निगमों, 19,978 गांवों और 195 नगरों में जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके लिए 47 प्रमुख जनगणना अधिकारियों और 472 चार्ज के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था की गई है।
प्रदेश में अनुमानित 60,682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इनके लिए 10 प्रतिशत आरक्षित कर्मियों सहित कुल 62,102 प्रगणकों और 10,667 पर्यवेक्षकों की आवश्यकता होगी। व्यवस्था के तहत लगभग छह प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी रहेगी।
प्रत्येक गणना ब्लॉक में लगभग 800 की जनसंख्या
प्रथम चरण में बनाए गए मकान सूचीकरण ब्लॉकों को द्वितीय चरण में गणना ब्लॉकों में परिवर्तित किया जाएगा। प्रत्येक गणना ब्लॉक में लगभग 800 लोगों की जनसंख्या शामिल होगी। अधिक जनसंख्या वाले ब्लॉकों को आवश्यकता के अनुसार उप-गणना ब्लॉकों में विभाजित किया जाएगा।
जनगणना में नई बसाहटों, झुग्गी बस्तियों, बहुमंजिला इमारतों और आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों को भी शामिल किया जाएगा। मकान सूचीकरण ब्लॉकों की सीमाओं में विसंगतियों, क्षेत्रों के दोहराव और छूट गई बसाहटों का निराकरण 30 नवंबर 2026 तक करने के निर्देश दिए गए हैं।
पांच स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था से तैयार होंगे जनगणना कर्मी
जनगणना कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पांच स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था बनाई गई है। राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स तथा जिला एवं चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है।
फील्ड ट्रेनर्स के लिए 2 से 12 दिसंबर 2026 तक जिला मुख्यालयों में तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक चार्ज स्तर पर प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
16 भाषाओं में उपलब्ध होगा जनगणना मोबाइल एप
जनगणना के लिए विशेष मोबाइल एप विकसित किया गया है, जो 16 भाषाओं में उपलब्ध होगा। इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने पर भी इस एप के माध्यम से ऑफलाइन जानकारी दर्ज की जा सकेगी।
जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (सीएमएमएस) पोर्टल के माध्यम से गणना ब्लॉकों का गठन, कार्य आवंटन, प्रशिक्षण और कार्यों की निगरानी की जाएगी। नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता एवं सुरक्षा के लिए पासवर्ड, ओटीपी और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।
दिसंबर से फरवरी तक चलेगा जनजागरूकता अभियान
जनगणना के प्रति नागरिकों में जागरूकता और विश्वास बढ़ाने के लिए दिसंबर 2026 के मध्य से 28 फरवरी 2027 तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसमें विभिन्न विभागों के सहयोग से जनगणना की प्रक्रिया, प्रमुख तिथियों और व्यक्तिगत जानकारी के संबंध में लोगों को जागरूक किया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव श्रीमती निहारिका बारिक ने कहा कि जनगणना के प्रति नागरिकों में विश्वास और सहयोग का वातावरण बनाना जरूरी है। उन्होंने बस्तर के हाट-बाजारों सहित ग्रामीण एवं स्थानीय स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने और लोगों को पूरी प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में देने का सुझाव दिया।
जनगणना के सफल संचालन के लिए विभागीय समन्वय, नियमित निगरानी, तकनीकी सहयोग और आंकड़ों के सत्यापन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रदेश में इस व्यापक अभियान के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचकर सटीक जनसंख्या आंकड़े जुटाने की तैयारी की जा रही है।


