पुरुष हॉकी सेमीफाइनल में रोमांच, झारखंड और ओडिशा फाइनल में
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में दोनों टीमों का दमदार प्रदर्शन, दर्शकों में दिखा उत्साह


रायपुर, 30 मार्च 2026/राजधानी रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के अंतर्गत पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल मुकाबले रोमांच और उत्साह से भरपूर रहे।
पहले सेमीफाइनल मुकाबले में झारखंड की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश को 8-1 के बड़े अंतर से हराया और फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल दिखाया, लेकिन ओडिशा ने 5-1 से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया।मैच के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के शुभंकर ‘मोर वीर’ के साथ दर्शकों ने जमकर आनंद लिया, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय बना रहा।इस अवसर पर खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के साईं डिप्टी डायरेक्टर मयंक श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और मुकाबलों का आनंद लिया।
Hindi 











































































































































































































































































































































