नर्सिंग काउंसिल में फीस-रजिस्ट्रेशन घोटाला, निलंबित रजिस्ट्रार समेत 6 पर FIR
फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वित्तीय अनियमितताएं उजागर, 425 पन्नों की जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई
रायपुर | 22 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल में फीस और रजिस्ट्रेशन से जुड़ी गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है, जिसमें फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वित्तीय गड़बड़ियों की पुष्टि होने के बाद बड़ा एक्शन लिया गया है। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ की ओर से की गई विस्तृत जांच के आधार पर डिप्टी डायरेक्टर निधि ग्वालरे ने गोलबाजार थाने में 425 पन्नों की रिपोर्ट सौंपते हुए कुल 6 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कराया है। इस पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
एफआईआर में काउंसिल की निलंबित रजिस्ट्रार दुर्गावती उसारे (कुंजाम), कांकेर जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र की सुरीला जैन, अंबागढ़ चौकी कॉलेज की काजोल साहू, जांजगीर-चांपा की वसंता कुमार और मंजू एमएल के नाम शामिल हैं। इसके अलावा जांच में मैथ्यू फर्नाडिज और नरेंद्र देवांगन पर भी तथ्यों को छिपाने, भ्रामक जानकारी देने और पद के दुरुपयोग के आरोप सामने आए हैं, जिनके खिलाफ भी शिकायत दर्ज की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रजिस्ट्रार दुर्गा उसारे को पहले ही निलंबित कर उनके पद से हटा दिया गया है और उन्हें रायपुर के सीएमएचओ कार्यालय में अटैच किया गया है। अब पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की गहराई से जांच कर रही हैं, जिससे आने वाले समय में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Hindi 















































































































































































































































































































































