पर्याप्त स्टॉक और सामान्य आपूर्ति का दावा, 2500+ पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध ईंधन

रायपुर | 25 अप्रैल 2026

छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच राज्य सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अनुसार, राज्य सरकार लगातार भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के संपर्क में है, ताकि किसी भी परिस्थिति में ईंधन आपूर्ति बाधित न हो। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और साप्ताहिक समीक्षा के जरिए आपूर्ति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

राज्य में संचालित 2516 पेट्रोल पंपों और ऑयल कंपनियों के डिपो में ईंधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2026 में पेट्रोल की आवश्यकता 1.01 लाख किलोलीटर थी, जबकि 1.27 लाख किलोलीटर (126%) की आपूर्ति हुई। वहीं अप्रैल 2026 में 23 अप्रैल तक 1.60 लाख किलोलीटर पेट्रोल प्राप्त हो चुका है। इसी तरह डीजल की मार्च में 1.64 लाख किलोलीटर की जरूरत के मुकाबले 3.00 लाख किलोलीटर (183%) आपूर्ति हुई, जबकि अप्रैल में 23 अप्रैल तक 1.38 लाख किलोलीटर डीजल मिल चुका है। वर्तमान में प्रदेश में 77,111 किलोलीटर पेट्रोल (लगभग 22 दिन) और 84,295 किलोलीटर डीजल (करीब 15 दिन) का स्टॉक उपलब्ध है।

सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सभी जिलों में निरीक्षण और छापेमारी तेज कर दी है, साथ ही राज्य और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय किए गए हैं। आम नागरिकों की शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-233-3663 भी जारी किया गया है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर अतिरिक्त ईंधन खरीदने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts