भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा का विवादित बयान, कांग्रेस को दिया श्राप
छत्तीसगढ़ में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश का बंटवारा करने वाली कांग्रेस से भारत मुक्त हो जाए और इसके लिए उन्होंने श्राप तक दे डाला।
मीडिया से चर्चा के दौरान पुरंदर मिश्रा ने कहा कि 14 अगस्त की रात को भारत का बंटवारा हुआ था, जिसके लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि भाजपा जहां भी जाती है, वहां सरकार बनाती है और जनता अब कांग्रेस से मुक्ति चाहती है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जनता उनसे परेशान थी और चुनाव में उन्हें जवाब दे दिया गया।
विधायक ने आगे कहा कि देश को 2047 तक विकसित बनाने का लक्ष्य है और अखंड भारत का सपना भी पूरा होगा। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगीता सिन्हा को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में पैसे के आधार पर पद मिलते हैं, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि संगीता सिन्हा विधानसभा में अच्छे मुद्दे उठाती हैं।
नक्सलवाद के मुद्दे पर पुरंदर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस परोक्ष रूप से नक्सलवाद को बढ़ावा देती रही है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की नीतियों से नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। उन्होंने कहा कि नक्सलमुक्त बस्तर से पर्यटन और राजस्व दोनों में वृद्धि होगी।
वहीं, विदेशी फंडिंग के मामले में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कई एनजीओ जांच के दायरे में हैं और विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार सभी मामलों में कार्रवाई करेगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे भाजपा के “स्टार प्रचारक” हैं और उनके बयानों से भाजपा को फायदा होता है।
Hindi 












































































































































































































































































































































































































































































































































































































