# Tags
#राजनीति

तमिलनाडु में रिजॉर्ट पॉलिटिक्स शुरू,AIADMK ने विधायकों को पुडुचेरी भेजा, TVK के MLA भी होटल में ठहराए गए

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में त्रिशंकु जनादेश आने के बाद राज्य में सरकार गठन को लेकर सस्पेंस गहराता जा रहा है। 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है, लेकिन किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके (TVK) 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, हालांकि वह बहुमत के आंकड़े से अभी भी 10 सीट दूर है।

राजनीतिक अनिश्चितता और संभावित हॉर्स ट्रेडिंग की आशंका के बीच अब तमिलनाडु में रिजॉर्ट पॉलिटिक्स शुरू हो गई है। एआईएडीएमके (AIADMK) ने अपने विधायकों को टूट-फूट से बचाने के लिए पुडुचेरी भेज दिया है, जबकि टीवीके ने भी अपने विधायकों को होटल में ठहराया है।

सूत्रों के मुताबिक, एआईएडीएमके ने अपने 15 विधायकों को केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी भेजा है। पुडुचेरी में एनडीए सरकार होने के चलते पार्टी इसे सुरक्षित ठिकाना मान रही है। बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व किसी भी संभावित राजनीतिक दबाव या टूट-फूट से बचने के लिए यह कदम उठा रहा है।

जानकारी के अनुसार, एआईएडीएमके प्रमुख ई. पलानीस्वामी के करीबी सीवी शन्मुगम ने पुडुचेरी स्थित ‘द शोर त्रिश्वम’ रिजॉर्ट में 20 से अधिक कमरे बुक कराए हैं। कई विधायक वहां पहुंच चुके हैं, जबकि कुछ अभी रास्ते में बताए जा रहे हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि सरकार गठन की स्थिति को देखते हुए आने वाले दिनों में और कमरे भी बुक किए जा सकते हैं।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि एआईएडीएमके के कुछ विधायक विजय के नेतृत्व वाली टीवीके को समर्थन देने के पक्ष में हैं। वहीं, टीवीके ने भी अपने विधायकों को होटल में ठहराकर एकजुट रखने की रणनीति अपनाई है।

इस बीच, एआईएडीएमके और उसकी प्रमुख प्रतिद्वंद्वी डीएमके के बीच बैक-चैनल बातचीत की अटकलें भी तेज हो गई हैं। तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर अगले कुछ दिन बेहद अहम माने जा रहे हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *