# Tags
#अपराध / कानून

धक्का लगने के मामूली विवाद में 9वीं के छात्र की हत्या, जंगल ले जाकर गला दबाने का आरोप

राजधानी दिल्ली के मैदानगढ़ी स्थित भाटी माइंस इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां गली में चलते समय धक्का लगने को लेकर हुए मामूली विवाद में दो नाबालिगों ने नौवीं कक्षा के छात्र की कथित तौर पर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 13 वर्षीय आयुष के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के मुताबिक, आयुष सोमवार दोपहर से लापता था। काफी तलाश के बाद मंगलवार शाम उसका शव भाटी माइंस के घने जंगल इलाके से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम छा गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आयुष का इलाके के कुछ लड़कों के साथ धक्का लगने को लेकर विवाद हुआ था। शुरुआती पूछताछ में आरोप है कि इसी विवाद के बाद दो नाबालिग उसे बहाने से जंगल की तरफ ले गए और वहां कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए मंगलवार देर रात दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। बाद में दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड (JJB) के सामने पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, आयुष का परिवार मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के धरमपुर गांव का रहने वाला है। उसके पिता चंदन कुमार वर्ष 1997 से दिल्ली में रहकर निजी नौकरी कर रहे हैं। परिवार दक्षिण दिल्ली के संजय नगर इलाके में रहता है।

बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां सुनीता और 8 साल की छोटी बहन गहरे सदमे में हैं। परिजनों के मुताबिक, आयुष ने इसी साल छतरपुर के एक सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा में दाखिला लिया था।

पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर गली से गुजरते समय आयुष का इलाके के ही एक नाबालिग लड़के से धक्का लगने को लेकर विवाद हुआ था। शुरुआत में मामला मामूली कहासुनी तक सीमित था और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत करा दिया था। हालांकि बाद में यही विवाद खौफनाक वारदात में बदल गया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *