# Tags
#All #राजनीति

क्या विजय की TVK दोहराएगी AAP वाला इतिहास? स्टारडम और आंदोलन की राजनीति में बड़ा फर्क

08 मई 2026 | नई दिल्ली

तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी TVK के तेजी से उभरने के बाद उसकी तुलना लगातार अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी से की जा रही है। दोनों पार्टियां अपने पहले बड़े चुनाव में सत्ता के करीब पहुंचीं, लेकिन राजनीतिक जमीन और कार्यशैली के स्तर पर दोनों के बीच बड़ा अंतर माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि जहां AAP जन आंदोलन और संगठनात्मक ढांचे से निकली पार्टी थी, वहीं TVK का आधार विजय का स्टारडम और विशाल फैन बेस है।

अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन और अन्ना हजारे के इंडिया अगेंस्ट करप्शन अभियान से राष्ट्रीय पहचान में आए थे। 2013 में आम आदमी पार्टी ने पहली बार दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ा और 28 सीटें जीतकर कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाई। इसके बाद 2015 में AAP ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 70 में से 67 सीटें अपने नाम कर ली थीं। AAP की राजनीति बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों पर केंद्रित रही।

इसके उलट तमिलनाडु में विजय की TVK किसी बड़े जन आंदोलन से नहीं, बल्कि अभिनेता विजय की लोकप्रियता और उनके समर्थकों के नेटवर्क के जरिए राजनीति में आई। हालांकि दक्षिण भारत में फिल्मी सितारों का राजनीति में सफल होना नया नहीं है। इससे पहले एमजी रामचंद्रन और जयललिता भी सिनेमा से राजनीति में आए थे, लेकिन उनके पास मजबूत राजनीतिक ढांचा और अनुभव मौजूद था।

TVK ने खुद को पारंपरिक द्रविड़ राजनीति से अलग दिखाने के लिए हाईटेक प्रचार अभियान, होलोग्राम तकनीक और युवाओं पर केंद्रित राजनीति को प्राथमिकता दी। पार्टी ने महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये सहायता, मुफ्त गैस सिलेंडर और टेक्नॉलजी आधारित रोजगार मॉडल जैसे वादों को चुनावी एजेंडे में शामिल किया। साथ ही AI विभाग और आधुनिक टेक्नॉलजी आधारित प्रशासन की बात कर युवाओं को आकर्षित करने की कोशिश की गई।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि AAP की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और जमीनी कार्यकर्ता नेटवर्क था, जबकि TVK की मौजूदा ताकत विजय की लोकप्रियता और फैन फॉलोइंग है। ऐसे में आने वाले समय में यह देखना अहम होगा कि क्या TVK भी AAP की तरह संगठनात्मक मजबूती हासिल कर पाती है या उसकी राजनीति केवल स्टारडम तक सीमित रह जाती है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *