# Tags
#अपराध / कानून

डोंगरगढ़ में अवैध शराब सिंडिकेट का भंडाफोड़, नाले किनारे चल रहे नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र में अंतर्राज्यीय अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मोहारा क्षेत्र के मुढिया नाला के पास चल रहे शराब सिंडिकेट पर पुलिस ने दबिश देकर बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। सुनसान रास्तों और झाड़ियों के बीच अवैध शराब डंप कर सप्लाई की जा रही थी।

सूचना मिलने पर डोंगरगढ़ पुलिस और स्पेशल टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने लगे। हालांकि पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की की 9 पेटियां, करीब 81 बल्क लीटर शराब और सप्लाई में इस्तेमाल हो रही ओला ईवी स्कूटी जब्त की गई। जब्त शराब की कीमत लगभग 1.10 लाख रुपए बताई जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि शराब को अलग-अलग रास्तों से डोंगरगढ़ लाकर गांवों में छोटे सप्लायरों के जरिए खपाया जाता था। पुलिस को आशंका है कि यह लंबे समय से सक्रिय बड़े नेटवर्क का हिस्सा है। मामले में देवव्रत वर्मा, चुम्मन सिन्हा और महेंद्र वर्मा को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी नंदकिशोर वर्मा उर्फ नीतू उर्फ छोटा कट्टी फरार बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार डोंगरगढ़ और आसपास का इलाका मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र बॉर्डर से जुड़ा होने के कारण अंतर्राज्यीय शराब तस्करी का बड़ा कॉरिडोर बनता जा रहा है। पिछले कुछ महीनों में मुसराखुर्द, बसंतपुर और सीमावर्ती इलाकों से भी बड़ी मात्रा में शराब जब्त की जा चुकी है। आंकड़ों के मुताबिक जिले में पिछले एक महीने में आबकारी एक्ट के 135 से ज्यादा मामले दर्ज हुए हैं और 147 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

वहीं पिछले छह महीनों में करीब 11 लाख रुपए की 880 लीटर अंतर्राज्यीय शराब जब्त की गई है। पुलिस अधीक्षक Ankita Sharma की जीरो टॉलरेंस नीति के बाद शराब माफियाओं में बेचैनी बढ़ गई है और अब गांवों में सक्रिय छोटे सप्लायर से लेकर बॉर्डर नेटवर्क तक पुलिस की रडार पर हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *