गुजरात टाइटंस ने दर्ज की IPL इतिहास की सबसे बड़ी जीत, राजस्थान रॉयल्स टॉप-4 से बाहर
10 मई 2026 | जयपुर
आईपीएल 2026 के 52वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 77 रनों से हराकर अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 229 रन बनाए, जवाब में राजस्थान रॉयल्स की टीम 17वें ओवर में 152 रन पर सिमट गई। इस हार के साथ राजस्थान लगातार तीसरे मैच में अपने घरेलू मैदान पर हार गई और पॉइंट्स टेबल में टॉप-4 से बाहर होकर पांचवें स्थान पर पहुंच गई। वहीं गुजरात टाइटंस लगातार चौथी जीत के साथ 14 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।
गुजरात टाइटंस के लिए कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 65 गेंदों में 118 रन जोड़े। साई सुदर्शन ने 36 गेंदों पर 55 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। शुभमन गिल ने 44 गेंदों पर 84 रनों की विस्फोटक पारी खेली और 9 चौके व 3 छक्के लगाए। अंत के ओवरों में वॉशिंगटन सुंदर ने 20 गेंदों पर नाबाद 37 रन और राहुल तेवतिया ने 4 गेंदों पर नाबाद 14 रन बनाकर टीम को 229 रन तक पहुंचाया। राजस्थान की ओर से बृजेश शर्मा ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।
230 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने 16 गेंदों पर 36 रन बनाए, लेकिन मोहम्मद सिराज की तेज बाउंसर पर अरशद खान को कैच दे बैठे। कप्तानी कर रहे यशस्वी जायसवाल सिर्फ 3 रन बना सके। ध्रुव जुरेल ने 10 गेंदों पर 24 रन बनाए, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके। रविंद्र जडेजा ने 25 गेंदों पर 38 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें समर्थन नहीं मिला।
गुजरात टाइटंस की गेंदबाजी में राशिद खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। जेसन होल्डर ने 2.3 ओवर में सिर्फ 12 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। कगिसो रबाडा ने 2 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज को 1 सफलता मिली। राजस्थान की यह पिछले 7 मैचों में पांचवीं हार रही।
Hindi 













































































































































































































































































































































































































































































































































































































