PM मोदी 5 देशों के दौरे पर होंगे रवाना, UAE से इटली तक रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर रहेगा फोकस
12 मई 2026 | नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार से 6 दिनों के 5 देशों के विदेश दौरे पर रवाना होंगे। इस दौरान वह संयुक्त अरब अमीरात (UAE), नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की यात्रा करेंगे। वैश्विक तनाव और आर्थिक चुनौतियों के बीच पीएम मोदी का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। यात्रा का मुख्य उद्देश्य व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा, तकनीक और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना है।
UAE से होगी दौरे की शुरुआत
प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले संयुक्त अरब अमीरात पहुंचेंगे, जहां वह राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच ऊर्जा सहयोग, व्यापार, निवेश और मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष समेत कई क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह दौरा भारत-UAE व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा। UAE भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और वहां 45 लाख से ज्यादा भारतीय समुदाय के लोग रहते हैं।
नीदरलैंड और स्वीडन में तकनीक व व्यापार पर जोर
दूसरे चरण में पीएम मोदी 15 से 17 मई तक नीदरलैंड की यात्रा करेंगे। यहां उनकी मुलाकात राजा विलेम-अलेक्जेंडर, रानी मैक्सिमा और प्रधानमंत्री रॉब जेटेन से होगी। रक्षा, हरित हाइड्रोजन, सेमीकंडक्टर, जल प्रबंधन और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। इसके बाद 17 से 18 मई तक स्वीडन दौरे में पीएम मोदी अपने समकक्ष उल्फ क्रिस्टर्सन से मुलाकात करेंगे। इस दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप्स, रक्षा, अंतरिक्ष और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर फोकस रहेगा।
नॉर्वे में नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा
प्रधानमंत्री मोदी 18 से 19 मई तक नॉर्वे की यात्रा करेंगे, जहां वह तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। बीते 43 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली नॉर्वे यात्रा होगी। पीएम मोदी यहां राजा हेराल्ड पंचम, रानी सोन्या और प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर से मुलाकात करेंगे। भारत-नॉर्वे व्यापार और अनुसंधान शिखर सम्मेलन को भी संबोधित किया जाएगा।
इटली दौरे के साथ यात्रा का समापन
5 देशों के दौरे के अंतिम चरण में पीएम मोदी 19 से 20 मई तक इटली की आधिकारिक यात्रा करेंगे। प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर होने वाली इस यात्रा में निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। पीएम मोदी राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला और प्रधानमंत्री मेलोनी से मुलाकात करेंगे। भारत और इटली के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2025 में 16.77 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच चुका है।
Hindi 













































































































































































































































































































































































































































































































































































































