# Tags
#All #राज्य

1.40 करोड़ की सड़क निर्माण पर उठे भ्रष्टाचार के आरोप, कुछ दिनों में उखड़ने लगी डामर की परत; वीडियो वायरल

12 मई 2026 | बिलासपुर

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत अमगांव के आश्रित ग्राम आमाकोनी से बहतरा तक बनाई गई करीब 1 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। लगभग 1 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बनी यह सड़क निर्माण के कुछ ही दिनों बाद जगह-जगह से उखड़ने लगी है। स्थिति यह है कि सड़क की डामर परत हाथ से ही निकल रही है, जिसका वीडियो स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी और ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई। आरोप है कि मुरूम की जगह मिट्टी का उपयोग किया गया और घटिया सामग्री से सड़क तैयार की गई। यह निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी विभाग के तहत कराया गया था, जिसका ठेका अतुल शुक्ला को दिया गया था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद जनपद सभापति, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और सरपंच सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और सड़क की स्थिति देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने सड़क निर्माण की तकनीकी जांच कराने की मांग करते हुए कलेक्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। जनप्रतिनिधियों ने सड़क की खराब गुणवत्ता का वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें डामर की परतें हाथ से उखड़ती दिखाई दे रही हैं।

घटना के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग की कार्यप्रणाली और निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो सरकारी राशि की बर्बादी और भ्रष्टाचार के ऐसे मामले लगातार सामने आते रहेंगे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *