# Tags
#All #राज्य #शासन #शिक्षा

छत्तीसगढ़ में T & C प्लानिंग विभाग में पहली नियमित भर्ती का परिणाम जारी, 21 सहायक संचालकों का चयन

13 मई 2026 | रायपुर

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने आवास एवं पर्यावरण विभाग अंतर्गत टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (T & C Planning) विभाग में सहायक संचालक (योजना) के 21 पदों पर भर्ती का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर है जब विभाग में इन पदों पर नियमित भर्ती की गई है। इस उपलब्धि पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

सुव्यवस्थित शहरी विकास की दिशा में अहम कदम

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि यह भर्ती केवल रिक्त पदों की पूर्ति नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के वैज्ञानिक, सुव्यवस्थित और दूरदर्शी शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग आधुनिक शहरों के निर्माण, नियोजित विकास और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नई नियुक्तियों से विभाग को प्रशिक्षित और ऊर्जावान अधिकारियों का सहयोग मिलेगा, जिससे प्रदेश के शहरों और कस्बों के विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में रोजगार पर फोकस

मंत्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को अधिकतम रोजगार अवसर उपलब्ध कराने और योग्य प्रतिभाओं को शासन-प्रशासन में स्थान देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह चयन प्रक्रिया सरकार की उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

5 अप्रैल को हुई थी परीक्षा

लोक सेवा आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार सहायक संचालक (योजना) पदों के लिए लिखित परीक्षा 5 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी, जबकि साक्षात्कार 12 मई 2026 को संपन्न हुए। लिखित परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम चयन सूची जारी की गई है।

चयनित अभ्यर्थियों को मंत्री ने दी शुभकामनाएं

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश के नियोजित और संतुलित विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित अधिकारी अपने ज्ञान, कौशल और समर्पण से छत्तीसगढ़ के विकास में उल्लेखनीय योगदान देंगे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *