# Tags
#All #अन्य #शासन

बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 15 वरिष्ठ IAS अधिकारियों का ट्रांसफर

15 मई 2026 | पटना

बिहार सरकार ने शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 वरिष्ठ IAS अधिकारियों का तबादला कर दिया। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कई विभागों और प्रमंडलों में नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास है। नए आदेश के तहत के सेंथिल कुमार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। उन्हें पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं प्रेम सिंह मीणा को भागलपुर प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि पंकज कुमार पाल को पथ निर्माण विभाग का पूर्णकालिक सचिव नियुक्त किया गया है।

कई अहम विभागों में बदले गए सचिव

नई नियुक्तियों के तहत ए.के. सिंह को सूचना प्रावैधिकी विभाग का सचिव बनाया गया है। धर्मेंद्र कुमार सिंह को गन्ना उद्योग विभाग का सचिव, दीपक आनंद को खाद्य एवं उपभोक्ता विभाग का सचिव तथा विनोद सिंह गुंजियाल को शिक्षा एवं खेल विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अवनीश कुमार सिंह को खान एवं भू-तत्व विभाग का सचिव-सह-खान आयुक्त नियुक्त किया गया है।

प्रमंडलों में भी बदले गए आयुक्त

राज्य सरकार ने कई प्रमंडलों में आयुक्त स्तर पर भी बदलाव किया है। कोसी प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) का प्रधान सचिव बनाया गया है। दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय को कोसी प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। पूर्णिया के डीएम अंशुल कुमार को पूर्णिया प्रमंडल का आयुक्त बनाया गया है।

मुख्यमंत्री सचिवालय में नई नियुक्तियां

मुख्यमंत्री सचिवालय में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर और गुंजन सिंह को संयुक्त सचिव बनाया गया है। वहीं नालंदा के उपविकास आयुक्त शुभम कुमार को पटना का नया डीडीसी नियुक्त किया गया है।

कई अधिकारियों से हटाया गया अतिरिक्त प्रभार

अधिसूचना के अनुसार कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियों से मुक्त भी किया गया है। डॉ. बी राजेंद्र को शिक्षा एवं खेल विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वहीं दिवेश सेहरा को खाद्य विभाग और लोकेश कुमार सिंह को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त प्रभार से हटाया गया है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *