नशा तस्करों को अमित शाह की चेतावनी, बोले- 2047 तक देश से जड़ से खत्म करेंगे ड्रग नेटवर्क
16 मई 2026 | नई दिल्ली
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नशा तस्करों और ड्रग नेटवर्क के खिलाफ बड़ा बयान देते हुए कहा है कि भारत सरकार 2047 तक देश को पूरी तरह नशामुक्त बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। नई दिल्ली में रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) की वार्षिक व्याख्यान श्रृंखला को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने मादक पदार्थों के गिरोहों को खत्म करने के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार किया है और इस दिशा में तेजी से कार्रवाई की जा रही है। कार्यक्रम का विषय “मादक पदार्थ: एक सीमाहीन खतरा, एक सामूहिक जिम्मेदारी” रखा गया था।
‘एक ग्राम भी ड्रग्स देश में घुसने नहीं देंगे’
अमित शाह ने कहा कि भारत मादक पदार्थों के खिलाफ ‘जीरो टोलरेंस’ नीति पर काम कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि एक ग्राम भी नशीला पदार्थ देश में प्रवेश न कर सके और भारत को ड्रग ट्रांजिट रूट के रूप में इस्तेमाल न किया जाए।
ड्रग्स से आतंक और अपराध को मिलता है पैसा
गृह मंत्री ने कहा कि ड्रग्स तस्करी केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं है, बल्कि इसका असर समाज और आने वाली पीढ़ियों पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों से होने वाली कमाई का इस्तेमाल आतंकवाद, संगठित अपराध और समानांतर अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में किया जा रहा है। शाह ने चिंता जताई कि ड्रग्स के कारण मानव शरीर और युवाओं के भविष्य पर पड़ने वाले स्थायी नुकसान पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा।
दुनिया को मिलकर लड़नी होगी लड़ाई
अमित शाह ने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई सिर्फ एक देश अकेले नहीं जीत सकता। इसके लिए दुनिया के सभी जिम्मेदार देशों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अभी संयुक्त प्रयास नहीं किए गए तो आने वाले वर्षों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
ग्लोबल कानूनी ढांचे की जरूरत पर जोर
गृह मंत्री ने कहा कि जब तक दुनिया भर में मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर समान कानूनी परिभाषा और सख्त दंड व्यवस्था नहीं होगी, तब तक ड्रग माफिया अलग-अलग देशों की नीतियों का फायदा उठाते रहेंगे। उन्होंने रियल टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग, ड्रग्स की खेप रोकने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग सरगनाओं की गिरफ्तारी व प्रत्यर्पण पर जोर दिया।
Hindi 


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































