CJI के बयान के विरोध में बनी कॉकरोच जनता पार्टी, 6 दिन में 1.1 करोड़ फॉलोअर्स
सोशल मीडिया पर “कॉकरोच जनता पार्टी” यानी CJP नाम का एक नया सटायर ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम पर शुरू हुए इस अकाउंट ने महज 5 से 6 दिनों में 1.1 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स जुटाकर नया रिकॉर्ड बना दिया है। खास बात यह है कि फॉलोअर्स के मामले में इसने Bharatiya Janata Party के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट को भी पीछे छोड़ दिया है।
बताया जा रहा है कि यह ऑनलाइन सटायर ग्रुप महाराष्ट्र के अभिजीत दीपके ने बनाया है। इसका नारा “Secular, Socialist, Democratic, Lazy” रखा गया है। वहीं इसका टैगलाइन “Voice of the lazy and unemployed” यानी “आलसी और बेरोजगारों की आवाज” सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है।
CJP को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह ट्रेंड CJI सूर्यकांत के कथित “कॉकरोच” बयान के विरोध में शुरू हुआ। मजेदार मीम्स, व्यंग्यात्मक पोस्ट और आसान भाषा की वजह से यह युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो गया। गुरुवार सुबह तक इंस्टाग्राम पर इसके 1.1 करोड़ से ज्यादा और X पर करीब 1.6 लाख फॉलोअर्स बताए गए।
हालांकि, “कॉकरोच जनता पार्टी” कोई आधिकारिक राजनीतिक दल नहीं है और न ही इसे चुनाव आयोग से मान्यता प्राप्त है। इसे युवाओं की नाराजगी, बेरोजगारी और सिस्टम से असंतोष को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यक्त करने वाला ऑनलाइन सटायर मूवमेंट बताया जा रहा है।
Hindi 



































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































