# Tags
#All #अपराध / कानून #शासन

छत्तीसगढ़ में डायल 112 का डिप्टी CM विजय शर्मा ने लिया टेस्ट, खुद शिकायत कर परखी रिस्पांस व्यवस्था

Dial 112

25 मई 2026 | रायपुर

छत्तीसगढ़ में आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली और रिस्पांस टाइम परखने के लिए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने खुद पीड़ित बनकर डायल 112 सेवा को कॉल किया और बेमेतरा थाने के पास एक्सीडेंट होने की सूचना दी। शिकायत दर्ज होने के कुछ ही देर बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद विजय शर्मा ने मौके पर पहुंची गाड़ी और उससे जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से वाहन में उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं, लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम, रिस्पांस मैकेनिज्म और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की कार्यशैली की विस्तृत जानकारी ली।

आधुनिक तकनीकों से लैस है नई डायल 112 सेवा

निरीक्षण के दौरान डिप्टी CM ने डायल 112 सेवा की वास्तविक स्थिति और जमीनी स्तर पर उसकी प्रभावशीलता को परखा। उन्होंने रिस्पांस टाइम और तकनीकी सिस्टम की कार्यक्षमता पर विशेष ध्यान दिया। बताया गया कि हाल ही में 18 मई 2026 को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राज्य में 400 से अधिक अत्याधुनिक डायल 112 वाहनों का शुभारंभ किया था। यह सेवा 24×7 संचालित होगी और इसमें जीआईएस आधारित मॉनिटरिंग, एडवांस व्हीकल ट्रैकिंग, एसआईपी ट्रंक टेक्नोलॉजी और ऑटोमैटिक कॉलर लोकेशन पहचान जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है।

कई माध्यमों से मिल सकेगी आपातकालीन सहायता

राज्य सरकार के अनुसार छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिला समन्वय केंद्रों को इस नेटवर्क से जोड़ा गया है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। नागरिक अब वॉयस कॉल के अलावा एसएमएस, ईमेल, वेब पोर्टल, व्हाट्सएप, चैटबॉट और SOS-112 इंडिया ऐप के माध्यम से भी मदद प्राप्त कर सकेंगे। सरकार का दावा है कि नई व्यवस्था से प्रदेश में पुलिस रिस्पांस सिस्टम और अधिक मजबूत और प्रभावी होगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *