# Tags
#राष्ट्रीय

इंस्टाग्राम पर 100 से ज्यादा महिलाओं के AI से फर्जी न्यूड फोटो-वीडियो बनाने का आरोप, दिल्ली से आरोपी पादरी गिरफ्तार

10 23

नई दिल्ली, 28 मई 2026

दिल्ली में ऑनलाइन धार्मिक प्रवचन देने वाले एक पादरी से जुड़ा चौंकाने वाला साइबर अपराध मामला सामने आया है। आरोपी पर AI (Artificial Intelligence) की मदद से महिलाओं की फर्जी न्यूड फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 100 से ज्यादा महिलाओं की तस्वीरों को मॉर्फ कर आपत्तिजनक कंटेंट तैयार किया और उन्हें फर्जी अकाउंट्स के जरिए शेयर किया।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने सबसे पहले गुजरात की एक महिला से इंस्टाग्राम पर संपर्क किया और धार्मिक चर्चाओं के जरिए नजदीकियां बढ़ाने की कोशिश की। जब महिला ने दोस्ती का प्रस्ताव ठुकरा दिया, तो आरोपी ने कथित तौर पर बदला लेने के उद्देश्य से महिला और उसकी मां की तस्वीरों को डाउनलोड कर AI टूल्स से एडिट किया और उन्हें अश्लील रूप देकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने महिला के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर 3 फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट और एक यूट्यूब चैनल बनाया था। इन प्लेटफॉर्म्स पर महिला की छवि खराब करने के लिए आपत्तिजनक पोस्ट और भड़काऊ टिप्पणियां की गईं। इसके अलावा आरोपी ने X (Twitter), Facebook, Instagram और YouTube समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 8 से 10 फर्जी अकाउंट्स बनाकर महिलाओं को ऑनलाइन टारगेट किया।

अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई “Mission Cyber Rakshika #SecureHerSpace” अभियान के तहत की गई, जिसका उद्देश्य महिलाओं के खिलाफ बढ़ते साइबर अपराधों पर सख्त कार्रवाई करना है।

शिकायत के अनुसार, आरोपी दिसंबर 2025 से 6 अप्रैल 2026 के बीच लगातार महिला का ऑनलाइन पीछा कर रहा था। इस दौरान उसने इंस्टाग्राम से तस्वीरें डाउनलोड कर उन्हें AI की मदद से मॉर्फ किया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अन्य पीड़ित महिलाओं की पहचान भी की जा रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *