# Tags
#राज्य

सुशासन तिहार में बड़ा हादसा टला: पंडाल के पंखे में ब्लास्ट, आग लगने से मचा हड़कंप

sushasan aag1

मोहला-मानपुर, 1 जून 2026

छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले के खरदी गांव में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कार्यक्रम स्थल पर लगे एक चालू पंखे में अचानक ब्लास्ट हो गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। घटना से पंडाल में मौजूद लोगों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और हड़कंप की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, मानपुर विकासखंड के खरदी गांव में सुशासन तिहार के तहत विशाल शिविर का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम की जिम्मेदारी नोडल विभाग के रूप में आबकारी विभाग के पास थी। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान अचानक एक पंखे से तेज धुआं निकलने लगा और कुछ ही क्षणों में उसमें छोटा ब्लास्ट हो गया। देखते ही देखते पंखा धूं-धूं कर जलने लगा, जिससे कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

हालांकि, मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पंखे के मुख्य बोर्ड से बिजली सप्लाई बंद कर दी। बिजली कनेक्शन कटते ही आग पर काबू पा लिया गया और स्थिति सामान्य हो गई।

घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था। प्रशासन ने राहत की सांस ली है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *