नई दिल्ली, 11 जून 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार सबसे लंबे समय तक पद पर रहने का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई वैश्विक नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए मोदी को अपना मित्र बताया और उन्हें भारत का “महान प्रधानमंत्री” कहा।

प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर केंद्र सरकार, NDA सहयोगी दलों और भाजपा नेताओं ने देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में प्रधानमंत्री का तालियां बजाकर स्वागत किया गया, वहीं भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में NDA नेताओं और मुख्यमंत्रियों ने मोदी सरकार के कार्यकाल को देश के लिए परिवर्तनकारी दौर बताया।

62 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा

प्रधानमंत्री मोदी ने 10 जून 2026 को देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4,398 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। इसके साथ ही वह भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं।

राष्ट्रपति मुर्मु ने लिखा पत्र

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश ने कई महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं और उनकी सरकार का दृष्टिकोण जन-केंद्रित शासन का उदाहरण है। राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

अमित शाह बोले- राजनीति को दी नई दिशा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 62 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़कर भारतीय राजनीति में नया अध्याय जोड़ा है। उन्होंने कहा कि मोदी ने जातिवाद, वंशवाद और तुष्टीकरण की राजनीति को चुनौती देकर प्रदर्शन आधारित राजनीति को राष्ट्रीय विमर्श का केंद्र बनाया।

राजनाथ सिंह ने गिनाईं उपलब्धियां

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय सुरक्षा और मजबूत विदेश नीति को मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखता है और किसी भी चुनौती का मजबूती से सामना करने में सक्षम है।

वैश्विक नेताओं ने भी दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री मोदी को इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यांग, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग तोबगे और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन समेत कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं ने बधाई दी।

देशभर में हुए विशेष आयोजन

प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में प्रार्थना सभाएं और जन कार्यक्रम आयोजित किए गए। गुजरात समेत कई राज्यों में मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे भारतीय लोकतंत्र और जनविश्वास की बड़ी उपलब्धि बताया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर बधाई दी और कहा कि 4,399 दिनों की निरंतर सेवा लोकतंत्र की मजबूती तथा जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। :::

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts