दुष्कर्म आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री को गोपनीय तरीके से रायपुर लाया गया, इलाज के लिए मेकाहारा भेजने की तैयारी
रायपुर, 20 जून 2026
दुष्कर्म के आरोप में महासमुंद सेंट्रल जेल में बंद नरेंद्र नयन शास्त्री को शनिवार को गोपनीय तरीके से रायपुर लाया गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें पहले रायपुर केंद्रीय जेल पहुंचाया गया, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इलाज और जांच के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई।
सूत्रों के अनुसार, महासमुंद जेल में बंद रहने के दौरान शास्त्री की तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम उन्हें सुरक्षा के साथ रायपुर लेकर पहुंची। बताया जा रहा है कि उनकी सोनोग्राफी और अन्य चिकित्सीय जांच कराई जाएगी। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद उन्हें वापस महासमुंद जेल भेजा जा सकता है।
मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में नरेंद्र नयन शास्त्री ने अपने खिलाफ लगे दुष्कर्म के आरोपों पर स्पष्ट टिप्पणी करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि यह उनके खिलाफ किसी साजिश का हिस्सा भी हो सकता है।
गौरतलब है कि महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र की एक महिला ने चर्चित कथावाचक और ज्योतिषाचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र से गिरफ्तार किया था।
नरेंद्र नयन शास्त्री को आम लोगों के बीच ‘चावल वाले बाबा’ के नाम से जाना जाता है। कथावाचन और ज्योतिष से जुड़े उनके कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद यह मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल जांच और उपचार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
Hindi 



























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































