रायपुर/दंतेवाड़ा,22 जुलाई 2026
NEET-UG 2026 के परिणाम में दंतेवाड़ा जिले की आवासीय कोचिंग संस्था ‘छू लो आसमान’ के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। संस्था के बालूद और कारली केंद्रों के 158 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 52 विद्यार्थी सफल रहे। इनमें 11 विद्यार्थियों का MBBS तथा 11 विद्यार्थियों का BDS, BAMS, पशु चिकित्सा और अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लगभग सुनिश्चित माना जा रहा है।
बालूद केंद्र से 65 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 25 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। इनमें 9 विद्यार्थियों ने 340 से अधिक अंक हासिल किए, जिससे उनका MBBS में प्रवेश लगभग तय माना जा रहा है। वहीं 5 अन्य विद्यार्थियों का BDS, BAMS और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में चयन संभावित है।
वहीं कारली केंद्र से 93 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें 27 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। इनमें 2 विद्यार्थियों का MBBS और 6 विद्यार्थियों का BDS, BAMS तथा अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लगभग सुनिश्चित माना जा रहा है।
संस्था की इस उपलब्धि को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर कोचिंग व्यवस्था और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का परिणाम माना जा रहा है। आवासीय कोचिंग मॉडल के माध्यम से जिले के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दंतेवाड़ा के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है। विधायक चौतराम अटामी ने कहा कि दंतेवाड़ा मेडिकल कॉलेज की स्थापना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है और भविष्य में मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की बेहतर कोचिंग सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे स्थानीय विद्यार्थियों को अधिक अवसर मिलेंगे और जिले की स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी।
इस अवसर पर विधायक चौतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, नोडल अधिकारी वेंकट ताती, अधीक्षक राज पाल, अधीक्षिका रविंद्र सैनी सहित संस्था के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


