रायपुर, 30 सितंबर 2026

बस्तर क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी रचनात्मकता एवं खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण के लिए पंजीयन 1 अक्टूबर से शुरू होंगे। तीन चरणों में आयोजित होने वाले बस्तर ओलंपिक के विकासखंड स्तरीय आयोजन नवंबर में होंगे।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने बस्तर संभाग के आयुक्त और सभी जिलों के कलेक्टरों को आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं।

1 से 30 अक्टूबर तक होगा पंजीयन

बस्तर ओलंपिक की विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए 1 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक पंजीयन किए जाएंगे। इसके बाद नवंबर और दिसंबर में विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर प्रतियोगिताओं का चरणबद्ध आयोजन होगा।

विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएं 1 से 13 नवंबर, जिला स्तर की 16 से 25 नवंबर तथा संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं 7 से 11 दिसंबर तक प्रस्तावित हैं।

11 खेलों में होंगी प्रतियोगिताएं

बस्तर ओलंपिक में जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष आयु के बालक-बालिकाएं तथा सीनियर वर्ग में महिला एवं पुरुष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों और पुनर्वासित सदस्यों की भागीदारी सीधे संभाग स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।

प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल शामिल हैं। एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले रेस आयोजित होगी।

तीरंदाजी में 30 मीटर और 50 मीटर की स्पर्धाएं होंगी। वहीं हॉकी और वेटलिफ्टिंग का आयोजन सीधे जिला स्तर पर किया जाएगा। सीनियर महिला वर्ग में रस्साकसी को प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में शामिल किया गया है।

पिछले दो संस्करण रहे सफल

बस्तर के युवाओं को खेलों के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से राज्य शासन ने वर्ष 2024 में बस्तर ओलंपिक के पहले संस्करण का आयोजन किया था। इसमें 1 लाख 65 हजार खिलाड़ियों ने भागीदारी की थी।

वर्ष 2025 में आयोजित दूसरे संस्करण में 3 लाख 91 हजार खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था। युवाओं को प्रेरित करने के लिए पहले संस्करण में विशिष्ट प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों और दूसरे संस्करण के 18 खिलाड़ियों को यूथ आइकॉन के रूप में चिन्हित किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts