रायपुर, 30 सितंबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक आयोजित नशामुक्ति पदयात्रा में शामिल हुए। बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ मुख्यमंत्री ने पदयात्रा कर नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया। पदयात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री ने लाल चौक स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नशामुक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा। नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

युवाओं को शिक्षा, कौशल और रोजगार से जोड़ना प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा किसी भी प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। युवा स्वस्थ, शिक्षित और कुशल होंगे तथा अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाएंगे तो प्रदेश तेजी से आगे बढ़ेगा। राज्य सरकार युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल और उद्यमिता के अवसरों का विस्तार कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ का प्रत्येक युवा अपनी प्रतिभा और क्षमता का उपयोग परिवार, समाज और प्रदेश की प्रगति में करे।

25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने संयम, स्वच्छता और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया था। ऐसे में नशामुक्ति अभियान उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा से जुड़े कार्यों में जनभागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

‘आशीर्वाद का दीया’ और युवाओं की भागीदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना के साथ प्रदेशभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए भी विभिन्न कार्यक्रम किए जा रहे हैं। गुजरात के वडनगर से निकले बाइक राइडर्स के रायपुर पहुंचने पर स्वागत किया गया, जिसमें बस्तर के युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

बस्तर के युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक नक्सलवाद की समस्या से प्रभावित रहा, जिसके कारण विकास की गति बाधित हुई। अब क्षेत्र में शांति और विकास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार और रोजगार के अवसरों के विस्तार पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

आधुनिक क्षेत्रों में निवेश से रोजगार के नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर सृजित करने के लिए नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर सहित आधुनिक एवं उभरते क्षेत्रों में निवेश से युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर खुलेंगे।

उन्होंने कहा कि लक्ष्य ऐसी युवा पीढ़ी तैयार करना है, जो नशे से दूर रहकर अपने सामर्थ्य, परिश्रम और नवाचार से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बने।

27 वर्षों से नशामुक्ति अभियान की सराहना

मुख्यमंत्री साय ने विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा पिछले 27 वर्षों से नशामुक्ति, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे सामाजिक विषयों को लेकर पदयात्रा आयोजित किए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में परिवर्तन केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से आता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पदयात्राओं से प्रेरित होकर अब तक हजारों लोगों ने नशामुक्ति का संकल्प लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह भी अनेक लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनेगा और विशेष रूप से युवाओं को स्वस्थ एवं उद्देश्यपूर्ण जीवन के लिए प्रेरित करेगा।

मुख्यमंत्री ने उपस्थित छात्र-छात्राओं और युवाओं से नशामुक्ति का संदेश परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ युवा, स्वस्थ परिवार और जागरूक समाज मिलकर स्वस्थ, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण कर सकते हैं।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं, युवा, महिलाएं एवं आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts