भिलाई,4 अक्टूबर 2026

भिलाई के धमधा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी द्वारा नवजात को जन्म देने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा है। किशोरी ने आरोप लगाया है कि एक नाबालिग युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए, लेकिन बच्चे के जन्म के बाद उसने नवजात को अपना मानने से इनकार कर दिया।

शिकायत के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले सोशल मीडिया के जरिए किशोरी की पहचान युवक से हुई थी। युवक का उसके गांव में एक पड़ोसी के घर आना-जाना था, जिसके कारण दोनों की मुलाकात होने लगी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।

किशोरी का आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए। कुछ समय बाद वह गर्भवती हो गई। गर्भावस्था की जानकारी युवक को देने पर उसने शादी के लिए सहमति जताई थी।

बाद में युवक ने परिजनों के दबाव का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर दिया। किशोरी के माता-पिता अलग-अलग रहते हैं, इसलिए वह अपनी नानी के साथ रह रही थी। कुछ दिन पहले उसने नवजात बच्चे को जन्म दिया। बच्चे के जन्म की जानकारी युवक को मिलने के बाद उसने नवजात को अपना बच्चा मानने से इनकार कर दिया।

इसके बाद किशोरी ने धमधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब नवजात शिशु और आरोपित नाबालिग युवक का DNA परीक्षण कराने की तैयारी में है। DNA रिपोर्ट से बच्चे के जैविक पिता से जुड़े तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस किशोरी द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts