रायपुर, 17 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ में स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान ग्राम सेंदरी में गोवर्धन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) संयंत्र का अवलोकन किया। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) द्वारा विकसित किए जा रहे इस संयंत्र की लागत लगभग 75 करोड़ रुपये है। यहां प्रतिदिन 130 टन नगरीय ठोस अपशिष्ट का प्रसंस्करण कर लगभग 5 टन कंप्रेस्ड बायोगैस और 16 टन जैविक खाद का उत्पादन प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने परियोजना की प्रगति, कचरा प्रसंस्करण की प्रस्तावित व्यवस्था तथा गैस एवं जैविक खाद उत्पादन की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कचरे के उपयोग से स्वच्छ ऊर्जा तैयार करने की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऊर्जा की बढ़ती जरूरतों और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को प्रोत्साहित करना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कचरे से बायोगैस और जैविक खाद बनाने जैसी परियोजनाएं शहरों की स्वच्छता के साथ संसाधनों के बेहतर उपयोग का मार्ग प्रशस्त करती हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों को उपयोगी जैविक खाद भी उपलब्ध हो सकेगी। ऐसी पहल स्वच्छ एवं हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

10 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहा सीबीजी संयंत्र

लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही यह परियोजना बिलासपुर नगर निगम एवं छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल डेवलपमेंट अथॉरिटी के सहयोग से आकार ले रही है। संयंत्र में नगरीय ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जाएगा। इससे शहरों में कचरे के निस्तारण का दबाव कम होने के साथ ही अपशिष्ट से ऊर्जा और जैविक खाद जैसे उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा सकेंगे।

परियोजना के तहत प्रतिदिन 130 टन कचरे का प्रसंस्करण कर लगभग 5 टन कंप्रेस्ड बायोगैस और 16 टन ठोस जैविक खाद का उत्पादन किया जाएगा। इससे कचरे को उपयोगी संसाधन में बदलने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

जैविक खाद से बढ़ेगी मिट्टी की उर्वरता

संयंत्र से उत्पादित सॉलिड फ्रैक्शन ऑफ ऑर्गेनिक मैन्योर (SFOM) का उपयोग जैविक खाद के रूप में किया जा सकेगा। इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और कृषि में जैविक संसाधनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा। इस परियोजना से शहरी अपशिष्ट प्रबंधन और कृषि क्षेत्र दोनों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि परियोजना स्थल पर प्रमुख सिविल कार्यों एवं आधारभूत संरचनाओं का निर्माण जारी है। निर्माण कार्यों के दौरान प्रतिदिन लगभग 150 श्रमिकों को रोजगार मिल रहा है। संयंत्र के तैयार होने के बाद कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री अमर अग्रवाल, श्री सुशांत शुक्ला, श्री धरमलाल कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, महापौर श्रीमती पूजा विधानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts