रायपुर, 17 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्य को चार राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के साथ तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का चयन किया है। नई दिल्ली में 20 नवंबर 2026 को आयोजित समारोह में इन पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री श्री अरुण साव ने इस उपलब्धि पर राज्य के साथ तीनों नगरीय निकायों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना गौरव और प्रसन्नता का विषय है। राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का राष्ट्रीय स्तर पर चयन नगरीय निकायों के बेहतर कार्यों और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। यह सम्मान नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता से कार्य करने की प्रेरणा देगा।
20 नवंबर को नई दिल्ली में होगा सम्मान समारोह
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने बताया कि केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने पत्र के माध्यम से राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन की जानकारी दी है। भारत सरकार ने राज्य शासन और संबंधित नगरीय निकायों के दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा 20 नवंबर को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत मिली यह राष्ट्रीय उपलब्धि छत्तीसगढ़ में पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, छोटे व्यवसायों को प्रोत्साहित करने और नगरीय निकायों के बेहतर कार्यों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


