बिलासपुर,4 अक्टूबर 2026

सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में सरकारी शिक्षक और उसकी महिला कांस्टेबल पत्नी के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद पुलिस तक पहुंच गया है। शिक्षक किसन कुमार ने अपनी पत्नी शकुंतला बंजारे और सास रोहणी बाई पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी शादी की बात पर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के डभरा क्षेत्र के ग्राम तेंदुमुंडी छिपिया निवासी किसन कुमार प्राथमिक शाला पथरी में शिक्षक हैं। वह 26 सितंबर को परिवार से मिलने गांव पहुंचे थे। उस दौरान उनकी सास रोहणी बाई भी घर पर मौजूद थीं।

शिक्षक के मुताबिक, 27 सितंबर की रात करीब 2 बजे उनकी पत्नी ने कहा कि वह अब उनके साथ नहीं रहना चाहती और दूसरी शादी करना चाहती है। इसके लिए उसने पति से तलाक देने की बात कही। किसन कुमार ने तलाक देने से इनकार किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

लात-मुक्कों से मारपीट और धमकी का आरोप

शिक्षक ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान पत्नी और सास ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए लात-मुक्कों से मारपीट की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी ने खुद को रेलवे पुलिस में पदस्थ बताते हुए उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।

शिक्षक के अनुसार, उन्हें रेलवे ट्रैक पर फेंक देने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद उन्होंने सिरगिट्टी थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी।

पत्नी ने भी पति पर लगाए आरोप

इस मामले में महिला कांस्टेबल की ओर से भी पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। शिक्षक की शिकायत से करीब चार दिन पहले महिला ने पति पर चरित्र को लेकर शंका के चलते मारपीट करने का आरोप लगाया था। उसकी शिकायत पर भी पुलिस ने अपराध दर्ज किया था।

अब दोनों पक्षों की शिकायतें सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts