रायपुर, 25 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन 2026 के दौरान खेती-किसानी का कार्य तेजी से जारी है। प्रदेश में 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी के लक्ष्य के मुकाबले 25 अगस्त तक 47.40 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न फसलों की बोनी पूरी हो चुकी है। यह निर्धारित लक्ष्य का 97 प्रतिशत है।

प्रदेश में किसानों को खेती के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अब तक 12.07 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का वितरण किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने खाद-बीज की सुगम उपलब्धता के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती-किसानी में सभी आवश्यक सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने किसानों की मांग के अनुसार प्रमाणित खाद और बीज का सुगमता से वितरण सुनिश्चित करने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने खाद-बीज वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही सोसायटियों में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज का भंडारण और व्यवस्था की सतत निगरानी करने को कहा गया है।

कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के अधिकारी खाद, बीज और कृषि संबंधी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी कर रहे हैं।

47.40 लाख हेक्टेयर में विभिन्न फसलों की बोनी

कृषि विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून के साथ शुरू हुआ खेती-किसानी का कार्य अब लगभग अंतिम चरण में पहुंच रहा है। अब तक 47.40 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली, रामतिल सहित विभिन्न फसलों की बोनी हो चुकी है।

राज्य सरकार ने चालू खरीफ सीजन के लिए कुल 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके मुकाबले अब तक 97 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हो चुका है।

उर्वरक वितरण लक्ष्य का 72 प्रतिशत पूरा

प्रदेश में खरीफ सीजन के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके मुकाबले सहकारी और निजी क्षेत्रों में 16.67 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का भंडारण किया गया है।

इस भंडारण में से अब तक किसानों को 12.07 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरित किया जा चुका है, जो निर्धारित वितरण लक्ष्य का 72 प्रतिशत है।

4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित

खरीफ सीजन 2026 के लिए बीज निगम ने प्रदेश में 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा है। इसके विरुद्ध 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है।

अब तक किसानों को 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किया जा चुका है, जो मांग का लगभग 93 प्रतिशत है।

प्रदेश में 839.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज

25 अगस्त की सुबह तक प्रदेश में 839.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि राज्य की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिलीमीटर है।

अधिकारियों के अनुसार पिछले 10 वर्षों के आधार पर इस अवधि की औसत वर्षा 810.2 मिलीमीटर रही है। इस लिहाज से इस वर्ष अब तक 29.2 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इसी अवधि में प्रदेश में 821.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई थी।

किसानों को 7,778.76 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण

राज्य सरकार किसानों को खेती-किसानी में आर्थिक सुविधा उपलब्ध कराने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण उपलब्ध करा रही है।

24 अगस्त 2026 तक किसानों को 7,778.76 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण वितरित किया जा चुका है। गत वर्ष इसी अवधि में 6,449.95 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया था।

चालू खरीफ सीजन में किसानों को कुल 8,800 करोड़ रुपये का कृषि ऋण वितरण करने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts