रायपुर, 25 अगस्त 2026

रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले राजधानी रायपुर में भाई-बहन के स्नेह और राष्ट्ररक्षा के संकल्प का भावपूर्ण संगम देखने को मिला। बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम में स्कूली बेटियों, दिव्यांग बेटियों और महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने केंद्रीय सुरक्षा बलों, सेना और पुलिस के करीब 800 जवानों की कलाइयों पर राखी बांधी।

कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब 2017 में नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए उपनिरीक्षक युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी। इस दौरान मुख्यमंत्री भावुक हो गए और उन्होंने शहीद जवान के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

‘शहीदों के परिवार हमारे अपने परिवार’

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राखी का यह धागा केवल भाई-बहन के स्नेह का बंधन नहीं, बल्कि शहीद परिवार के विश्वास और अपनत्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वीर जवानों का बलिदान और उनके परिवारों का त्याग छत्तीसगढ़ कभी नहीं भूल सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों के परिवार हमारे अपने परिवार हैं और सरकार उनके सम्मान, स्वाभिमान तथा हर सुख-दुःख में उनके साथ खड़ी रहेगी।

नक्सलवाद का अंत बहनों के लिए सुरक्षा का बड़ा उपहार

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस का परिचय दिया है और अनेक जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया है। नक्सलवाद के अंत की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़ बहनों के लिए सुरक्षा और विश्वास का सबसे बड़ा उपहार है।

उन्होंने कहा कि वह समय आ रहा है जब नक्सल हिंसा के कारण किसी बहन का सुहाग नहीं उजड़ेगा और किसी मां को अपना बेटा नहीं खोना पड़ेगा। बस्तर में शांति और विकास का नया दौर शुरू हो रहा है तथा सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और रोजगार के अवसर तेजी से पहुंचाए जा रहे हैं।

800 जवानों को बहनों ने बांधी राखी

‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम में सीआईएसएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, सेना और पुलिस के करीब 800 जवान शामिल हुए। स्कूली छात्राओं, दिव्यांग बेटियों, स्वच्छता दीदियों, ड्रोन दीदियों, लखपति दीदियों और महिला स्व-सहायता समूहों की बहनों ने जवानों को राखी बांधकर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और प्रदेश की सुरक्षा के लिए परिवार से दूर रहकर कठिन परिस्थितियों में कर्तव्य निभाने वाले जवानों को बहनों द्वारा राखी बांधना रक्षाबंधन के व्यापक अर्थ को साकार करता है।

इस अवसर पर जवानों ने भी बहनों की रक्षा, सम्मान और सुरक्षा का संकल्प लिया।

‘बहनों का स्नेह मेरी सबसे बड़ी शक्ति’

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लाखों बहनों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें जनसेवा के लिए नई ऊर्जा देता है। राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2 लाख 42 हजार से अधिक महिला स्व-सहायता समूहों से करीब 30 लाख महिलाएं जुड़ी हैं। वहीं 13 लाख 85 हजार बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं।

महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त में मिलेंगे 631 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना प्रदेश की माताओं-बहनों के आर्थिक स्वावलंबन और आत्मसम्मान का मजबूत आधार बनी है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खातों में दी जा रही है।

रक्षाबंधन के अवसर पर योजना की 31वीं किस्त के रूप में करीब 68 लाख बहनों के खातों में लगभग 631 करोड़ रुपये अंतरित किए जाएंगे।

देश की एकता और जवानों के सम्मान का संकल्प

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नागरिकों को देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा वीर जवानों के प्रति सदैव सम्मान रखने का संकल्प दिलाया।

वन मंत्री केदार कश्यप ने भी नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के साहस और सरकार के दृढ़ संकल्प से परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं।

रायपुर जिले में पांच अभिनव प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के पांच अभिनव प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ किया। इनमें ‘हरित पोषणम्’, ‘प्रोजेक्ट निरामय’, ‘तिरंगा शक्ति फेस्ट’, ‘प्रोजेक्ट अहिगुण्डिकः’ और ‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ शामिल हैं।

‘हरित पोषणम्’ के तहत आंगनबाड़ियों और महिला समूहों को फलदार पौधे तथा सब्जियों के उन्नत बीज उपलब्ध कराकर पोषण वाटिकाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।

‘प्रोजेक्ट निरामय’ के अंतर्गत रायपुर जिले के 215 उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के 65,920 छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य एवं रक्त जांच की जाएगी। स्वास्थ्य संबंधी समस्या मिलने पर आवश्यकतानुसार निःशुल्क उपचार की व्यवस्था भी की जाएगी।

‘तिरंगा शक्ति फेस्ट’ के माध्यम से सामाजिक समरसता, संस्कृति, सुशासन, युवा नेतृत्व और राष्ट्रभावना से जुड़े आयोजन किए जाएंगे।

‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ के जरिए प्रतिष्ठित हस्तियों, कलाकारों और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों के जीवन और विचारों को पॉडकास्ट के माध्यम से सामने लाया जाएगा।

वहीं ‘प्रोजेक्ट अहिगुण्डिकः’ के तहत सौंरा (सपेरा) समुदाय के परिवारों को शासन की योजनाओं से जोड़ने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सुरक्षा बलों के अधिकारी-जवानों, स्कूली विद्यार्थियों, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts